कोंडागांव। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोंडागांव जिले में रैम्प योजना के अंतर्गत 12 दिवसीय ईडीपी-लीप (उद्यमिता विकास कार्यक्रम) का सफल आयोजन 13 दिसंबर 2025 से 02 जनवरी 2026 तक किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन निटकॉन लिमिटेड द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, स्वयं सहायता समूह की सदस्यों तथा उद्यमिता से जुड़ने के इच्छुक प्रतिभागियों को व्यवसाय से संबंधित बुनियादी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय योजना निर्माण, एमएसएमई/उद्यम पंजीकरण, वित्तीय प्रबंधन, विभिन्न ऋण योजनाओं एवं विपणन रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
ईडीपी-लीप प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को उद्यमिता के मूल सिद्धांतों, स्वरोजगार के अवसरों तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया, जिससे उनमें व्यवसाय प्रारंभ करने को लेकर आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उद्यम स्थापना, ऋण प्रक्रिया, बाजार से जुड़ाव एवं विपणन की व्यवहारिक समझ भी प्रदान की गई। प्रशिक्षण ने स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को नई दिशा देते हुए जिले के एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ईडीपी-लीप कार्यक्रम से यह स्पष्ट हुआ कि संरचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को आत्मनिर्भर बनाकर आर्थिक गतिविधियों को गति दी जा सकती है। यह कार्यक्रम कोंडागांव जिले में उद्यमिता विकास को प्रोत्साहित करने वाला एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ है।
रैम्प योजना से कोंडागांव में उद्यमिता को मिला नया संबल,13 दिसंबर से 02 जनवरी तक 12 दिवसीय ईडीपी-लीप उद्यमिता विकास कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न
