DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद में जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई

सामाजिक न्याय, समानता और सादगी के प्रतीक को सेन समाज ने किया नमन

बालोद। समाज के वंचित, पिछड़े, गरीब, मजदूर और किसान वर्ग के सच्चे हितैषी तथा सामाजिक न्याय के अमर प्रतीक जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती बालोद जिला सेन समाज द्वारा श्रद्धा, उत्साह और प्रेरणादायक वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन बालोद नगर स्थित बूढ़ा तालाब (बुढ़ा गार्डन) में किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जननायक कर्पूरी ठाकुर के जीवन, विचारों और संघर्षों को स्मरण करते हुए वक्ताओं ने उन्हें सामाजिक न्याय की राजनीति का सशक्त प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित किया।
इस अवसर पर बालोद जिला सेन समाज अध्यक्ष संतोष कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि कर्पूरी ठाकुर केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के प्रणेता थे। उन्होंने उस वर्ग को आवाज दी, जो वर्षों से उपेक्षित रहा। आज के समय में उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है, ताकि राजनीति का मूल उद्देश्य जनसेवा बना रहे। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जी ने यह सिखाया कि नेता बनने से पहले इंसान बनना जरूरी है।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद जिला सह मंत्री, पूर्व बजरंग दल जिला संयोजक एवं बालोद जिला सेन समाज मीडिया प्रभारी उमेश कुमार सेन ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर जैसे जननायक समाज की आत्मा होते हैं। उन्होंने सादगी, ईमानदारी और त्याग के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर यह सिद्ध किया कि सच्चा नेता वही है, जो बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए कार्य करे। आज जब राजनीति अपने उद्देश्य से भटकती दिखाई देती है, ऐसे समय में कर्पूरी ठाकुर जी जैसे नायकों की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है।
वक्ताओं ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जी का जीवन आज भी समाज को एकता, समानता और न्याय की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। वे न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर सैलून संघ बालोद अध्यक्ष मुकेश कौशिक, ब्लॉक अध्यक्ष सेतुराम शांडिल्य, ब्लॉक उपाध्यक्ष ढलेश्वर भारद्वाज, ब्लॉक सचिव जनक कौशिक, कमल नारायण कौशिक, मोहन सेन, विक्की भारद्वाज, बल्ला भारद्वाज, झग्गर श्रीवास, टिकम कौशिक, भूषण कौशिक, महेश कौशिक, डोमेंदर श्रीवास, द्वारिका सेन, कीर्तन सेन, उमेंद्र कौशिक, अशोक कौशिक, तामेश्वर भारद्वाज, सोनू सेन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों पर चलने और समाज में समानता व सामाजिक न्याय को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

You cannot copy content of this page