जंबूरी में बालोद बना स्काउटिंग आकाश का चमकता सितारा
बालोद। प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी, दुधली (बालोद) की ऐतिहासिक सफलता में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करने वाले बालोद जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभागीय प्रमुखों का भारत स्काउट एवं गाइड छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा सम्मान किया गया। जिला कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा एवं जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव ने स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बालोद के पदाधिकारियों की उपस्थिति में जिला प्रशासन को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर कलेक्टर दिव्या मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जे. एल. उइके, कार्यपालन अभियंता विद्युत विभाग एस. के. बंड, पीएचई विभाग सागर वर्मा, नगरपालिका बालोद मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोमिन अली, एसडीओ वन विभाग किशोरी साहू, पॉलिटेक्निक कॉलेज दुधली के प्राचार्य डॉ. एस. के. सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोहारा हिमांशु मिश्रा एवं जिला जनसंपर्क विभाग से तनवीर खान को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व सदस्य राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग यशवंत जैन, जिला सचिव के. एल. गजेन्द्र, डीओसी प्रेमलता चंद्राकर एवं नेमसिंह साहू, जिला संयुक्त सचिव मधुमाला कौशल, जिला प्रशिक्षण आयुक्त भुवन सिन्हा, जिला कोषाध्यक्ष सत्यवान पिपरिया, संयुक्त सचिव लिली पुष्पा इक्का सहित बड़ी संख्या में स्काउट–गाइड पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी में बालोद जिले से रोवर्स, रेंजर्स, स्काउटर–गाइडर, सर्विस टीम एवं प्रभारी सहित कुल 512 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जो पूरे छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक रही। जंबूरी की प्रत्येक प्रतियोगिता में बालोद जिले की टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जंबूरी के प्रथम दिवस बालोद जिले की कलर पार्टी टीम ने महामहिम राज्यपाल रामेन डेका की अगवानी की, वहीं समापन दिवस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव का स्वागत कर फ्लैग लोअरिंग की गरिमामय जिम्मेदारी निभाई। इसके साथ ही रोवर–रेंजर विंग द्वारा जंबूरी के शुभंकर बायसन के साथ निर्मित जिला गेट पूरे आयोजन का आकर्षण बना रहा। छत्तीसगढ़ राज्य की मार्चपास्ट टीम एवं अतिथियों के स्वागत हेतु तैयार 700 कलाकारों के लोकनृत्य समूह में भी बालोद जिले के 170 रोवर्स–रेंजर्स की प्रभावशाली सहभागिता रही।
सम्मान समारोह का संचालन जिला सचिव के. एल. गजेन्द्र ने किया। जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव ने देश-प्रदेश से आए लगभग 15 हजार प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का बालोद जिले में आयोजन होना गर्व का विषय है। इसके लिए उन्होंने शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
डीओसी स्काउट नेमसिंह साहू ने बताया कि जंबूरी की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिले में निरंतर प्रशिक्षण, बिगिनर्स कोर्स, पंजीयन एवं बीएसजी इवेंट्स के माध्यम से व्यापक तैयारी की गई। वहीं डीओसी गाइड प्रेमलता चंद्राकर ने कहा कि मेजबान जिला होने के कारण जिम्मेदारी अधिक थी, लेकिन सामूहिक प्रयासों से बालोद जिला जंबूरी में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहा।
सम्मान समारोह के आयोजन पर राज्य आयुक्त रोवर अशोक देशमुख, राज्य आयुक्त गाइड सीमा साहू, संयुक्त सचिव बीना यादव, राज्य संगठन आयुक्त अमित क्षत्रिय एवं जलवती साहू, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त पूनम साहू एवं सरिता पाण्डे सहित समस्त विकासखंड पदाधिकारियों एवं सक्रिय स्काउटर-गाइडर ने हर्ष व्यक्त किया।
