धमतरी | भारत के विभिन्न राज्यों से पहुंचे भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रायपुर के विद्यार्थियों ने दिव्य गोपाल धाम, ग्राम तेलीनसत्ती, जिला धमतरी में स्टडी विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रवास कर ग्रामीण भारत की वास्तविक परिस्थितियों का गहन अध्ययन किया। यह कार्यक्रम सेक्शन-A (27 से 29 जनवरी) एवं सेक्शन-B (31 जनवरी से 2 फरवरी) तक आयोजित किया गया।
इस अध्ययन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण भारत की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को नजदीक से समझना रहा। विद्यार्थियों ने प्रवास के दौरान गांव की जीवनशैली, रहन-सहन, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक संरचना का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य पर किया अध्ययन
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कृषि आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों की समस्याएं, फसल चक्र, संसाधनों के उपयोग तथा कृषि से जुड़ी चुनौतियों का अध्ययन किया। इसके साथ ही ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों की स्थिति, बच्चों की शिक्षा में आ रही कठिनाइयों और संभावित सुधारों पर चर्चा की गई।
विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की भूमिका, स्वच्छता व्यवस्था तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का भी अवलोकन किया।
ग्रामीणों से सीधा संवाद
दिव्य गोपाल धाम में प्रवास के दौरान IIM विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी दैनिक समस्याओं, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया। इस दौरान आत्मनिर्भर भारत, ग्राम विकास और सतत विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श भी किया गया। सेवा गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक सहभागिता का परिचय दिया।
विद्यार्थियों ने कहा कि इस प्रकार की विलेज स्टडी से कक्षा में पढ़ाए गए प्रबंधन सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप में समझने का अवसर मिलता है। उनका मानना है कि ग्रामीण भारत की जमीनी हकीकत को समझे बिना समग्र विकास की कल्पना अधूरी है।
दिव्य गोपाल धाम प्रबंधन का सहयोग
कार्यक्रम के दौरान दिव्य गोपाल धाम प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों को पूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। धाम के संचालक ने बताया कि विद्यार्थियों को दिव्य गोपाल धाम में घर जैसा वातावरण मिला और रहने-खाने की समुचित व्यवस्था की गई।
समापन अवसर पर गणमान्य अतिथि रहे उपस्थित
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में
बीजेपी प्रदेश (एससी) उपाध्यक्ष खेमराज बाकरे,
वैभव श्री (प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख),
याचना शुक्ला,
श्री कुंदन दुबे (सेवा भारती, कार्यालय प्रांत प्रमुख),
धरम सिंह (प्रोग्राम अधिकारी, जिला प्रशासन),
छत्तीसगढ़ महतारी सेवा संस्थान की प्रदेश अध्यक्ष मोहनी साहू
सहित रेनू साहू, भावना मरकाम, खिलेश्वर साहू, रितु प्रधान, शिवा प्रधान, गोस्वामी सर, भारती सोनी, मंजू टेमरे, लक्ष्मी सोनी, एकता साहू, राजेश्वरी साहू, रानी विश्वकर्मा, महेंद्र नेताम, रवि, आस्था, प्रज्ञा, समर्थ, भूपेंद्र सिन्हा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों ने इस तीन दिवसीय विलेज स्टडी को ज्ञानवर्धक, अनुभवात्मक और प्रेरणादायक बताते हुए दिव्य गोपाल धाम परिवार एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्रों का कहना है कि यह अनुभव उनके शैक्षणिक जीवन के साथ-साथ भविष्य के व्यावसायिक और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
