भक्त माता कर्मा कन्या महाविद्यालय, बालोद में ऊर्जा संरक्षण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन



बालोद। भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के निर्देशानुसार एवं प्रभारी प्राचार्य सुश्री कलेंद्री रावटे के मार्गदर्शन में “ऊर्जा संरक्षण” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में ऊर्जा संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना था।
महाविद्यालय की विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलाकृतियों के माध्यम से ऊर्जा बचत, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, सौर एवं पवन ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए। छात्राओं की रचनात्मकता और रंगों के उपयोग ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि ऊर्जा संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. संतोष राना थे, जबकि सदस्य डॉ. अमित सिंह एवं श्री विनोद कुमार ने विशेष सहयोग प्रदान किया। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के पश्चात प्रथम स्थान ममता साहू, द्वितीय स्थान गुनिता, और तृतीय स्थान जान्वी सोरी (बी.एससी. तृतीय वर्ष) ने प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त माधवी एवं दामिनी देशमुख को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य छात्राओं में भी उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य सुश्री कलेंद्री रावटे ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि ऊर्जा संरक्षण को केवल विषय तक सीमित न रखते हुए इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
यह जानकारी महाविद्यालय मीडिया प्रभारी प्रो. धीवराज भोयर ने दी।

You cannot copy content of this page