लौहनगरी दल्लीराजहरा की दो बेटियों ने रचा इतिहास, छत्तीसगढ़ अंडर-15 क्रिकेट टीम में किया प्रतिनिधित्व



नगर और जिले को किया गौरवान्वित

शेखर गुप्ता,दल्लीराजहरा। लौहनगरी एवं खेलनगरी के रूप में विख्यात दल्लीराजहरा नगर की दो प्रतिभाशाली बालिकाओं ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम अंडर-15 में चयनित होकर नगर सहित पूरे बालोद जिले को गौरवान्वित किया है। छत्तीसगढ़ अंडर-15 टीम में हृतिका साहनी (पिता संजय साहनी) एवं देविका भुआर्य (पिता कुशल सिंह) ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया।

इंदौर और चंडीगढ़ में हुए राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले

छत्तीसगढ़ टीम ने इंदौर और चंडीगढ़ में आयोजित प्रतियोगिताओं में हरियाणा, पांडिचेरी, चंडीगढ़, केरल और मुंबई जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबले खेले, जिनमें दोनों बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

ऑलराउंडर हृतिका और प्रतिभाशाली देविका का उत्कृष्ट प्रदर्शन

13 वर्षीय हृतिका साहनी एक बल्लेबाज एवं ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं, जबकि 14 वर्षीय देविका भुआर्य ने अंडर-16 वर्ग से खेलते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। दोनों खिलाड़ियों ने स्कूल स्तर से लेकर राज्य टीम तक के अपने सफर का श्रेय माता-पिता और कोचों को दिया।

माता-पिता और कोचों के विश्वास से मिला मुकाम

खिलाड़ियों ने कहा कि माता-पिता के विश्वास और कोचों के कठिन परिश्रम, मार्गदर्शन एवं निरंतर प्रेरणा के कारण ही वे इस मुकाम तक पहुंच सकीं। उन्होंने भविष्य में राष्ट्रीय टीम में चयनित होकर देश का नाम रोशन करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

कोचों ने दिया संघर्ष और समर्पण का मंत्र

कोच सुरेश रेड्डी एवं प्रदुम कुमार ने बताया कि बालिकाओं को लगातार प्रोत्साहित किया गया और उनके कौशल—विशेषकर बॉलिंग एक्शन और बैटिंग तकनीक—को पहचानकर तराशा गया। चयन प्रक्रिया और प्रशिक्षण के दौरान आई चुनौतियों में परिवार और कोचों का सहयोग निर्णायक रहा।

राजहरा क्रिकेट स्टेडियम की 35 वर्षों की साधना

राजहरा क्रिकेट स्टेडियम में बीते 35 वर्षों से लगातार प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों के चलते अनेक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर तक पहुंचे हैं। यह उपलब्धि उसी सतत मेहनत का परिणाम है।

लौहनगरी से निकले कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी

दल्लीराजहरा ने पहले भी कई बड़े खिलाड़ी देश को दिए हैं। हरप्रीत सिंह भाटिया अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के उपकप्तान रहे हैं और उन्होंने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स, पुणे वॉरियर्स इंडिया, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व किया। वहीं ऑलराउंडर ऐश्वर्या मौर्य ने मध्यप्रदेश टीम से विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया। महिला क्रिकेटर श्वेता देवांगन ने भी राज्य रणजी टीम का प्रतिनिधित्व किया है।

स्टेडियम सुविधाओं और प्रबंधन के प्रति जताया आभार

ऑलराउंडर हृतिका साहनी ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से राजहरा क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास कर रही हैं। उन्होंने कोच सुरेश रेड्डी एवं प्रदुम कुमार के साथ ही बीएसपी प्रबंधन, ग्राउंड सेक्रेटरी एस.पी. सिंह, मुख्य महाप्रबंधक आईओसी राजहरा आर.बी. गहरवाल तथा छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (सीएससी) का उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page