प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बालोद में स्ट्रीट वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड का शुभारंभ, ऋण वितरण कार्यक्रम संपन्न



बालोद। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडर्स के लिए क्रेडिट कार्ड योजना का आज शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित देशव्यापी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नगर पालिका परिषद बालोद में टीवी के माध्यम से दिखाया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं योजना के हितग्राहियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी एवं उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी के करकमलों से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र आवेदकों को ऋण का वितरण किया गया।
इस अवसर पर पार्षद श्री गिरिजेश गुप्ता, श्रीमती आशा पटेल, श्रीमती सुनीता मनहर, श्री महेश पाठक एवं पार्षद श्री कासिमुद्दीन कुरैशी की उपस्थिति रही। साथ ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मोबिन अली, इंडियन ओवरसीज बैंक के शाखा प्रबंधक श्री मुकेश कुमार तथा सामुदायिक संगठन की प्रतिनिधि श्रीमती श्यामकुंवर एवं श्रीमती पुष्पा ध्रुवे भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु मिशन मैनेजर श्री केतन नायक के मार्गदर्शन में हितग्राहियों को योजना के उद्देश्यों, लाभों एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी सरल एवं स्पष्ट रूप से दी गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों एवं रेहड़ी-पटरी वालों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। वहीं उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी ने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों से योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।
नगर पालिका परिषद बालोद द्वारा भविष्य में भी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की बात कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page