DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अडजाल स्कूल में शिक्षक ने किया ज्वाइन, तालाबंदी पूरी तरह टली — संजय बैंस व जनपद सदस्य मंजू बैंस की सक्रिय पहल से शिक्षा व्यवस्था को मिला संबल

बालोद। ग्राम पंचायत अडजाल स्थित प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी को लेकर बना गतिरोध अब पूरी तरह समाप्त हो गया है। शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार विद्यालय में नव नियुक्त शिक्षक ने ज्वाइन कर लिया है, जिससे 83 विद्यार्थियों की पढ़ाई दोबारा व्यवस्थित रूप से प्रारंभ हो गई है। शिक्षक के ज्वाइन करते ही प्रस्तावित तालाबंदी पूरी तरह टल गई और गांव में संतोष व राहत का माहौल है।

गौरतलब है कि विद्यालय में लंबे समय से केवल एक शिक्षक के भरोसे शाला संचालित हो रही थी। इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम की सरपंच गीता भंडारी एवं शाला विकास समिति द्वारा कई बार विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया गया, किंतु समाधान नहीं हो पाया। अंततः शाला प्रबंधन समिति एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र के समाजसेवी एवं पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस को अवगत कराया। बच्चों के भविष्य से जुड़ी इस समस्या को संजय बैंस ने गंभीरता से लेते हुए बालोद कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारियों से निरंतर संवाद कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई।

शिक्षक नियुक्ति आदेश के बावजूद प्रारंभिक विलंब होने पर संजय बैंस स्वयं विकासखंड शिक्षा अधिकारी के साथ ग्राम अडजाल पहुंचे और सरपंच, शाला विकास समिति व ग्रामीणों के साथ चर्चा कर भरोसा दिलाया कि शीघ्र शिक्षक ज्वाइन करेंगे। उनके आश्वासन के अनुरूप शिक्षक ने विद्यालय में कार्यभार ग्रहण कर लिया, जिससे ग्रामीणों में विश्वास और उत्साह देखने को मिला।

क्षेत्र में शिक्षा, मूलभूत सुविधाओं एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए संजय बैंस लगातार अग्रणी भूमिका निभाते आ रहे हैं। एक समाजसेवी के रूप में वे न केवल शिक्षा, बल्कि सड़क, बिजली, पानी एवं भवन निर्माण जैसे मुद्दों पर भी सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। उनकी पहल से कई गांवों में समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाया है।

उल्लेखनीय है कि उनकी पत्नी मंजू बैंस वर्तमान में जनपद सदस्य हैं और वे भी क्षेत्र के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभा रही हैं। शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर वे निरंतर प्रयासरत रहती हैं। संजय बैंस एवं मंजू बैंस की यह सक्रिय जोड़ी क्षेत्र में जनसेवा और सकारात्मक कार्यों के लिए लगातार सराहना प्राप्त कर रही है।

ग्राम की सरपंच गीता भंडारी, शाला विकास समिति एवं समस्त ग्रामीणजनों ने शिक्षक के ज्वाइन करने पर संजय बैंस एवं मंजू बैंस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से न केवल बच्चों का भविष्य सुरक्षित हुआ है, बल्कि ग्रामीणों का प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत हुआ है।

You cannot copy content of this page