कांग्रेस संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा: बरही के नरेंद्र सिन्हा बने बालोद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, 20 जनवरी को संभालेंगे पदभार



बालोद। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ग्राम बरही निवासी वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री नरेंद्र सिन्हा को बालोद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे आगामी 20 जनवरी को विधिवत रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। उनकी नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

02 फरवरी 1970 को जन्मे श्री नरेंद्र सिन्हा, स्वश्री मेहतरु राम सिन्हा के सुपुत्र हैं। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के प्रति प्रारंभ से ही निष्ठावान, समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। उनका राजनीतिक जीवन संगठन, संघर्ष और जनसेवा पर आधारित रहा है। वर्तमान में वे ब्लॉक अध्यक्ष के साथ-साथ पंच, सरपंच, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष तथा किसान कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।

जनाधार की दृष्टि से श्री सिन्हा एक मजबूत और भरोसेमंद नेता माने जाते हैं। वे दो पंचवर्षीय कार्यकाल तक सरपंच, दो बार सामाजिक तहसील अध्यक्ष तथा एक बार जिला महामंत्री जैसे दायित्व निभा चुके हैं। इन सभी पदों पर रहते हुए उन्होंने विकास कार्यों, संगठन विस्तार और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया। उनकी कार्यशैली में सादगी, स्पष्टता और संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण दिखाई देता है।

कृषि को अपना व्यावसायिक आधार रखने वाले नरेंद्र सिन्हा किसानों और ग्रामीण अंचल की समस्याओं से गहराई से जुड़े हुए हैं। यही कारण है कि किसान, मजदूर और आमजन वर्ग में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उनकी साफ-सुथरी छवि, किसी से व्यक्तिगत वैमनस्य न होना और पार्टी के प्रति अटूट निष्ठा उन्हें एक सर्वमान्य नेता के रूप में स्थापित करती है।

उनके परिवार का भी सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनकी पत्नी श्रीमती धनेश्वरी सिन्हा पूर्व जिला पंचायत सभापति रह चुकी हैं, जिससे जनसेवा और नेतृत्व की परंपरा उनके परिवार में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि श्री नरेंद्र सिन्हा के नेतृत्व में बालोद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी तथा आगामी समय में कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।

उनकी इस नियुक्ति पर बालोद की विधायक संगीता सिन्हा, पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, कमलेश श्रीवास्तव सहित कांग्रेस के अनेक दिग्गज नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलने का विश्वास जताया।

जिला कांग्रेस कार्यालय बालोद में नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों का पदभार ग्रहण एवं महत्वपूर्ण बैठक आज

जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के जिला कार्यालय राजीव भवन में आज कांग्रेस संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक एवं नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री चन्द्रेश हिरवानी, संजारी–बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, पूर्व विधायक श्री भैयाराम सिन्हा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों द्वारा विधिवत पदभार ग्रहण किया जाएगा। साथ ही बैठक में केंद्र एवं राज्य से जुड़े जनहित के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, जिसमें विशेष रूप से मनरेगा बचाओ संग्राम तथा एसआईआर विषय पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम आज मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से राजीव भवन, बालोद में आयोजित होगा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद एवं बालोद शहर द्वारा सभी कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।

You cannot copy content of this page