2100 महिलाओं की कलश यात्रा, प्रतिभाओं का सम्मान, दो जोड़ों का आदर्श विवाह संपन्न
बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज जिला बालोद का प्रथम जिला सम्मेलन रविवार को सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान, बालोद में भव्य रूप से आयोजित किया गया। सम्मेलन में वक्ताओं ने समाज की एकता, जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया तथा दो जोड़ों का आदर्श विवाह भी संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह भव्य कलश यात्रा से हुआ, जिसमें लगभग 2100 महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर नगर भ्रमण किया। कलश यात्रा दिल्लीवार कुर्मी भवन बालोद से प्रारंभ होकर जय स्तंभ चौक, मधु चौक, सदर बाजार होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान पहुंची। डीजे की धुन पर समाज के लोग नाचते-गाते चले, छत्रपति शिवाजी महाराज के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और जमकर आतिशबाजी की गई। सम्मेलन में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुटता आवश्यक है। उन्होंने आदर्श विवाह की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में बढ़ती खर्चीली शादियों के बीच ऐसे आयोजन समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न समाजों को दी गई सहायता का उल्लेख करते हुए वर्तमान सरकार की नीतियों की आलोचना भी की।
इससे पूर्व पाटेश्वर धाम, डौंडीलोहारा के श्री राम बालक दास जी महात्यागी ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा की आरती कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया।
सम्मेलन के प्रथम सत्र में छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि समाज के अध्यक्ष एवं सांसद दुर्ग विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सामाजिक जनगणना कराने का निर्णय लिया गया है, जिसमें सभी समाजजनों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने समाज के पदाधिकारियों से समाज को आगे ले जाने के लिए सतत चिंतन करने तथा सभी वर्गों को समान महत्व देने का आह्वान किया। अखिल भारतीय कूर्मि समाज महासभा की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष लता ऋषि चंद्राकर ने महिलाओं की बड़ी भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका सदैव अग्रणी रही है।
कार्यक्रम को आयुर्वेद चिकित्सक वीरेंद्र देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जनपद पंचायत गुण्डरदेही अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, जांजगीर विधायक व्यास नारायण कश्यप, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। सम्मेलन के दौरान दो जोड़ों का आदर्श विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुआ। इसमें आलबरस निवासी डोमेश्वर देशमुख का विवाह दीक्षा पिपरिया (निवासी कोड़ेवा सुंदरा) के साथ तथा ग्राम जगन्नाथपुर निवासी लोकेंद्र देशमुख का विवाह रीना देशमुख (निवासी कोड़ेवा सुंदरा) के साथ संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि भूपेश बघेल सहित अन्य अतिथियों ने नवदम्पतियों को आशीर्वाद प्रदान किया। गुरुदेव वीरेंद्र देशमुख ने टीकावान कर आशीर्वचन दिया।कार्यक्रम का संचालन जगदीश देशमुख, कोमल देशमुख एवं राधेश्वरी देशमुख ने किया। आयोजन में समाज के संरक्षक, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
