DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

20–21 जनवरी को करहीभदर–कन्नेवाड़ा में मेला महोत्सव (मड़ई) का भव्य आयोजन

बालोद। ग्राम करहीभदर–कन्नेवाड़ा में 20 एवं 21 जनवरी 2026 (मंगलवार–बुधवार) को परंपरागत करहीभदर मेला महोत्सव (मड़ई) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मेला आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह मेला ग्रामीण संस्कृति, सामाजिक समरसता और पूर्वजों की परंपराओं को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है। ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच लीलाराम डड़सेना, उपाध्यक्ष शोभित राम ठाकुर, कोषाध्यक्ष थानसिंग साहू तथा सचिव जितेंद्र यादव के नेतृत्व में मेला आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मड़ई महोत्सव नई फसल की कटाई के बाद ग्राम के देवी-देवताओं के प्रति आभार व्यक्त करने एवं गांव की सुख-समृद्धि की कामना के उद्देश्य से मनाया जाता है, जिसकी परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है।
ग्रामीणों ने आगे बताया कि मेला महोत्सव के दिन आसपास के गांवों के देवी-देवताओं (डांग) को एक निश्चित स्थान पर लाकर सामूहिक पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके पश्चात यादव समाज के युवाओं द्वारा पारंपरिक राउत नाच करते हुए देवी-देवताओं को ग्राम की गलियों में भ्रमण कराया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण निर्मित होगा। रात्रिकालीन मनोरंजन कार्यक्रम के अंतर्गत ‘जीवन ज्योति’ छत्तीसगढ़ी नाचा पार्टी, ग्राम जिर्राटोला (मानपुर) द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। ग्रामीणों ने बताया कि मेला महोत्सव के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में मुनादी कराई गई है तथा किसी भी प्रकार के हुड़दंग से बचाव हेतु पुलिस प्रशासन का सहयोग भी लिया गया है। ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से मेला महोत्सव में सहभागिता कर ग्राम्य संस्कृति को सशक्त बनाने की अपील की है।

You cannot copy content of this page