DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

भक्त गुहा निषाद जयंती पर डौण्डीलोहारा में भव्य आयोजन, समाज की एकजुटता और संस्कृति का हुआ प्रदर्शन

डौण्डीलोहारा। भक्त गुहा निषाद जयंती के पावन अवसर पर निषाद समाज डौण्डीलोहारा द्वारा समाज के भवन में भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए और पूरे परिसर में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक एकता का संदेश देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ रामचरितमानस गान के साथ हुआ, जिसके पश्चात समाज के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन के दौरान भगवान श्रीराम की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों द्वारा परिचय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे समाजजनों ने सराहा।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि निषाद समाज भगवान श्रीराम के अग्रणी भक्तों में से रहा है और भक्त गुहा इसका जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने समाज में आदर्श विवाह को बढ़ावा देने तथा खर्चीली शादियों पर रोक लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे सामाजिक समरसता और आर्थिक संतुलन बना रहे।

कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष नेहा राहुल उपाध्याय अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रवण निषाद (अध्यक्ष पंचगैइहा कमेटी, डौण्डीलोहारा) ने की।
विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती लोकेश्वरी गोपी साहू (पूर्व अध्यक्ष, नगर पंचायत डौण्डीलोहारा) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सुभद्रा टाण्डेकर (पार्षद वार्ड क्र. 05), बीरसिंह ठाकुर (पार्षद वार्ड क्र. 08), श्रीमती रेवती कोलियारे (पार्षद वार्ड क्र. 09), श्रीमती ममता यादव (पार्षद वार्ड क्र. 12) एवं राजेन्द्र निषाद (पार्षद वार्ड क्र. 14) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठजनों ने भक्त गुहा निषाद के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज को संगठित रखने का आह्वान किया। आयोजन में नगर के गणमान्य नागरिकों सहित निषाद समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page