DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सड़क सुरक्षा माह 2026 में बालोद प्रशासन की बड़ी पहल, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर 24 बसों की सघन जांच

बालोद। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत बालोद जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से स्कूली बसों का विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में आज दिनांक 18 जनवरी 2026 को परिवहन कार्यालय बालोद के समक्ष जिले में संचालित 24 स्कूली बसों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान माननीय सुप्रीम कोर्ट एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार बसों में आवश्यक सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।

निरीक्षण में फर्स्ट एड बॉक्स, पैनिक बटन, इमरजेंसी डोर, सीसीटीवी कैमरा, डायल-112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर का उल्लेख, नर्सरी एवं छोटे बच्चों के लिए महिला परिचालिका की व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के स्कूल बैग रखने हेतु पर्याप्त स्थान जैसी अनिवार्य सुविधाओं की पड़ताल की गई।

जिन स्कूली बसों में कमियां पाई गईं, उनके चालकों एवं संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे सात दिवस के भीतर सभी खामियों को दूर कर परिवहन विभाग बालोद को अवगत कराएं, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर स्कूली बस चालकों, संचालकों एवं लाइसेंस बनवाने आए आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा जिम्मेदार नागरिक बनकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

You cannot copy content of this page