शराब पीकर हंगामा करने वालों पर ₹25 हजार जुर्माना, मुनादी से दी गई सख्त चेतावनी
नारी शक्ति और युवाओं की एकजुटता से सजा आयोजन, गांव में दिखा सामाजिक अनुशासन का उदाहरण
बालोद। ग्राम जगन्नाथपुर में शुक्रवार को आयोजित एक दिवसीय मानस गान कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक अनुशासन और ग्राम स्तर पर सशक्त निर्णय क्षमता का भी प्रभावशाली संदेश दिया। भक्ति, श्रद्धा और रामायण के आदर्शों से ओत-प्रोत इस आयोजन के साथ-साथ ग्राम विकास समिति की महिलाओं ने असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त निर्णय लेते हुए शराब पीकर हंगामा करने वालों पर ₹25,000 के अर्थदंड का प्रावधान लागू किया है। इस निर्णय की जानकारी मुनादी के माध्यम से पूरे गांव में सार्वजनिक रूप से दी गई।

एक दिवसीय मानस गान आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता नारी शक्ति और युवाओं की एकजुटता रही। जहां एक ओर गांव के युवाओं ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली, वहीं ग्राम की महिलाओं ने पूरी सक्रियता के साथ सहयोग दिया। इसका प्रमुख कारण यह भी है कि ग्राम जगन्नाथपुर में नेतृत्व की कमान महिलाओं के हाथों में है। गांव की सरपंच देव कुंवर कोसीमा, जनपद सदस्य दमयंती हरदेल, जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू और ग्राम विकास समिति अध्यक्ष कोमिन साहू—सभी महिलाएं हैं, जिन्होंने इस आयोजन को सफल और अनुशासित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्राम विकास समिति के प्रमुख निर्णय
मानस गान, मेला सहित किसी भी सार्वजनिक आयोजन में शराब पीकर हंगामा करने पर ₹25,000 का जुर्माना।
निर्णय की जानकारी मुनादी के माध्यम से पूरे गांव में प्रसारित।
दोषी पाए जाने पर ग्राम स्तर पर तत्काल कार्रवाई।
युवाओं और ग्राम विकास समिति द्वारा लगातार निगरानी व्यवस्था।
आज मेला, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
ग्राम विकास समिति अध्यक्ष कोमिन साहू ने बताया कि आगामी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। 17 जनवरी को गांव में मेला तथा 18 जनवरी को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। मेले के दिन रात्रि में चिखली बांधाबाजार का नाच कार्यक्रम रखा गया है। इस अवसर पर गांव के वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान भी किया जाएगा। सभी आयोजनों के दौरान युवा और ग्राम विकास समिति की महिलाएं सक्रिय रहकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी। साथ ही पुलिस प्रशासन से भी सहयोग लिया गया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कार्यक्रम में व्यवधान डालने वालों से ₹25,000 का अर्थदंड वसूला जाएगा।
शुभारंभ अवसर पर पहुंचे अतिथि, आयोजकों ने किया सम्मान
मानस गान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू के प्रतिनिधि वैभव साहू रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद सदस्य दमयंती सुभाष हरदेल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच देव कुंवर कोसीमा, शांतनु देशमुख, चुरामन साहू, ओवाराम साहू, उमराव साहू, डॉ. दमेश साहू, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष कोमिन साहू, भागीराम साहू, देवलाल साहू, अभ्यास साहू (ग्राम पटेल), शिक्षाविद तीरथ ठाकुर, होलकर देशमुख, शैलेंद्र साहू, अगेश्वर साहू, ठाकुरराम देशमुख, निरंजन साहू (सिवनी), चित्रांगिनी ठाकुर, तामेश्वरी देशमुख, डेली बालोद न्यूज़ के संपादक दीपक यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
आयोजन में प्रमुख आयोजक—हेमशंकर देशमुख, गुनेश्वर देशमुख, कमलेश देशमुख, गिरधर देशमुख, टुकेश्वर देशमुख, कामता देशमुख, मानिक साहू, रेख लाल देशमुख, नूतन देशमुख, कुलेश कोसिमा, पीलू साहू, टुकेश देशमुख, मेघराज देशमुख, संतोष, नेम सिंह नेताम सहित अन्य लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम में चार ख्याति प्राप्त मानस मंडलियों ने सुंदर प्रस्तुति दी। दोपहर से देर रात तक आयोजित कार्यक्रम का ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से आनंद उठाया और रामायण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने ग्राम विकास समिति के निर्णयों की सराहना करते हुए इसे अनुशासन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल बताया।
