DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सड़क सुरक्षा की ओर एक और कदम: बालोद में लर्निंग लायसेंस शिविर, 43 वाहन चालकों को मिली वैधानिक पहचान

बालोद। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बालोद जिले में लगातार जागरूकता एवं सुविधा आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार 16 जनवरी 2026 को यातायात एवं परिवहन विभाग बालोद द्वारा संयुक्त रूप से लर्निंग लायसेंस शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 43 वाहन चालकों को लर्निंग लायसेंस प्रदान किए गए।

यह शिविर पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्या.) श्री बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात कार्यालय बालोद के सामने आयोजित किया गया। आयोजन में परिवहन सुविधा केंद्र का भी सहयोग रहा।

शिविर के दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आवेदकों की प्रक्रिया पूर्ण की गई और उन्हें मौके पर ही लर्निंग लायसेंस प्रदान किए गए। शिविर को लेकर वाहन चालकों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया।

इस अवसर पर यातायात पुलिस बालोद द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि बिना वैध लायसेंस के वाहन न चलाएं, नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं तथा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर स्वयं व दूसरों की जान खतरे में न डालें। साथ ही सभी से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा बालोद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इस तरह के शिविर निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

यातायात एवं परिवहन विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आगामी दिनों में जिले के विभिन्न स्थानों पर लर्निंग लायसेंस शिविर आयोजित होंगे—
17 जनवरी – गैंजी, 18 जनवरी – मालीघोरी, 19 जनवरी – डौण्डीलोहारा, 20 जनवरी – चिल्हाटीकला, 22 जनवरी – कमकापार, 23 जनवरी – मंगचुवा, 24 जनवरी – कोटेरा।

इच्छुक व्यक्ति निर्धारित तिथि व स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर लर्निंग लायसेंस बनवा सकते हैं। बालोद पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की कुंजी है।

You cannot copy content of this page