गुरुर। गुरुर विकासखंड के ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है। छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सड़क व पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान करते हुए कुल 9 करोड़ 80 लाख रुपये की मंजूरी दी है। यह स्वीकृति जनपद पंचायत गुरुर की सभापति श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू द्वारा रखी गई मांगों पर दी गई है, जिसे क्षेत्रवासियों ने ऐतिहासिक और स्वागतयोग्य कदम बताया है।
लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुर ब्लॉक के कई ऐसे गांव हैं, जहां बारिश के मौसम में सड़कें अत्यंत जर्जर हो जाती हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू ने सितंबर माह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव से उनके निवास पर मुलाकात कर क्षेत्र की परेशानियों से अवगत कराया था। उपमुख्यमंत्री ने उसी समय आश्वासन दिया था कि शीघ्र ही इन कार्यों को स्वीकृति दी जाएगी, जिसे अब अमलीजामा पहनाया गया है।
स्वीकृत कार्यों में सांगली से सनौद मार्ग (लंबाई 3.26 किमी) के लिए 4 करोड़ 14 लाख रुपये, ठेकवाडडीह से बोहरडीह मार्ग (लंबाई 1.30 किमी) के लिए 1 करोड़ 48 लाख रुपये, तथा चूल्हापथरा से करियाटोला मार्ग (लंबाई 3.10 किमी) के लिए 4 करोड़ 15 लाख रुपये की राशि मुआवजा सहित स्वीकृत की गई है।
इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से हजारों ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और बरसात के दिनों में होने वाली कठिनाइयों से निजात मिलेगी। श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह गुरुर ब्लॉक के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके करकमलों से गुंडरदेही में इन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ।
