DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

हड़ताल के बाद न्याय: राज्य सरकार ने 25 NHM कर्मचारियों को बहाल किया, बालोद जिले के कर्मचारी बीपीएम दिनेशचंद्र खर्कवाल भी हुए बहाल, कर्मचारियों में हर्ष की लहर

बालोद। नये साल की पूर्व संध्या पर छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देश पर मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश में हड़ताल अवधि (18 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025) के दौरान की गई प्रशासनिक कार्रवाई को शून्य करते हुए 25 बर्खास्त संविदा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवा बहाली का निर्णय लिया है। इस आदेश के अनुसार, संबंधित कर्मचारियों की जिला स्तर पर सेवा बहाली की जाएगी तथा उनकी कार्य पर उपस्थिति स्वीकार की जाएगी। इसके लिए सभी जिलों के कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला स्वास्थ्य समितियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस क्रम में बालोद जिले के कर्मचारी बीपीएम दिनेशचंद्र खर्कवाल भी बहाल होने के बाद सीएमएचओ कार्यालय में आज जॉइन करने पहुंचे। जहां कर्मचारियों ने हार, गुलाल, मिठाई एक दूसरे को खिलाया और पटाखों फोड़ कर खुशियां मनाई।
जिला अध्यक्ष खिलेश साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष रितेश साहू, डीपीएम अखिलेश शर्मा,बीपीएम बालोद प्रवीण नायक,रोहित, सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। गौरतलब है कि प्रदेश के लगभग 16,500 एन.एच.एम. संविदा कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 18 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025 तक अनिश्चितकालीन हड़ताल की थी। इस हड़ताल से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हुई थी, जिसके फलस्वरूप 25 कर्मचारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया था। सरकार के आश्वासन एवं वार्ता के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी थी तथा बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली का भरोसा दिया गया था। आज जारी इस आदेश से सरकार ने अपने वादे को पूरा करते हुए आंदोलन के दौरान की कार्रवाई को निरस्त कर दिया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से एन.एच.एम. संविदा कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है तथा राहत की लहर दौड़ गई है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सरकार उनकी शेष महत्वपूर्ण मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लेगी।
आदेश जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ की ओर से स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल जी, स्वास्थ्य सचिव , मिशन संचालक का हार्दिक आभार व्यक्त किया जाता है। साथ ही प्रदेश के 16,500 एन.एच.एम. कर्मचारियों के अटूट सहयोग एवं एकजुटता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया जाता है।

You cannot copy content of this page