DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय की टीम प्रथम

बालोद। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, बालोद के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी-अपनी श्रेणियों में शानदार उपलब्धियाँ हासिल कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया। इस टेक्नोफेस्ट का आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच एवं तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें जिले भर से लगभग 250 नवाचारी मॉडलों का चयन किया गया। इसमें स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय के चार नवाचारी मॉडल प्रदर्शनी हेतु चयनित हुए। कक्षा 11–12 वर्ग की श्रेणी में निखिल साहू, डॉली साहू एवं लोकेंद्र साहू द्वारा प्रस्तुत फोटोनबिट नेटवर्क सिस्टम ने उत्कृष्ट नवाचार का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए विशेष गर्व का विषय रही। इसके अतिरिक्त कक्षा 11–12 वर्ग से पुष्कर, यशराज एवं पमेन्द्र का बायो-इलेक्ट्रिक फ्यूजन मॉडल, कीर्तिका साहू एवं डिंपल गावरे का स्मार्ट एग्रीकल्चर सिस्टम, तथा कक्षा 9–10 वर्ग से मयंक सोनी, मयंक यादव एवं आदर्श द्वारा प्रस्तुत ऑटोमेटिक व्हीलचेयर मॉडल भी प्रदर्शनी में चयनित रहे। साथ ही तुषार गांवरे, भीष्म यादव, डिमेश्वर, वेदव्यास, नोबिता एवं डोली लावण्या द्वारा निर्मित हाइट मेजरिंग ए.आई. रोबोट मॉडल, स्मार्ट होम मॉडल एवं विज्ञान नाटिका का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया, जिसे निर्णायकों एवं दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया। विद्यार्थियों ने इन प्रस्तुतियों के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के वर्तमान उपयोग के साथ-साथ भविष्य की संभावनाओं—जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, स्मार्ट सिटी एवं रोजगार सृजन—पर भी प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त टीम निखिल साहू, डॉली साहू एवं लोकेंद्र साहू सहित अन्य चयनित विजेता टीमों को अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग की ओर से SIP (स्टूडेंट इनोवेटर प्रोग्राम) में सम्मिलित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित छात्र टीमों को इन्क्यूबेशन सेंटर अथवा कॉर्पोरेट कंपनियों के साथ इंटर्नशिप, प्रोटोटाइप डिज़ाइन विकसित करने तथा पेटेंट एवं कॉपीराइट प्रक्रिया हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा। विद्यालय के प्राचार्य श्री अरुण कुमार साहू ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे विद्यार्थियों की मेहनत, नवाचार एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिणाम बताया। कार्यक्रम प्रभारी श्री पंकज सोनी ने भी सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने विजेता एवं सहभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।

You cannot copy content of this page