राजनांदगांव। Indian Powerlifting Federation के तत्वावधान में राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) में आयोजित 11वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 में बालोद निवासी 19 वर्षीय यश राजपूत (नेभवानी) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (तृतीय स्थान) प्राप्त किया।
यश राजपूत ने Open Unequipped Bench Press – 59 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लेकर यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 14 दिसंबर 2025 तक नगर निगम स्कूल, राजनांदगांव में किया गया। उल्लेखनीय है कि यश राजपूत, स्वर्गीय श्री होला राम सिंह राजपूत (नेभवानी) के पौत्र हैं, जो अपने समय के प्रख्यात, जनप्रिय एवं प्रभावशाली वरिष्ठ राजनेता रहे हैं। वहीं यश के पिता स्वर्गीय श्री देवानंद राजपूत नेभवानी, ब्लैक बेल्ट कराटे धारी एवं कराटे प्रशिक्षक थे। पिता के असमय निधन के पश्चात यश का पालन-पोषण उनकी माता श्रीमती हिमांशी देवानंद राजपूत (नेभवानी) द्वारा किया गया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद माता के संघर्ष, अनुशासन एवं सतत प्रोत्साहन के बल पर यश ने खेल के क्षेत्र में यह राज्य स्तरीय उपलब्धि प्राप्त कर अपने परिवार एवं बालोद जिले का नाम रोशन किया है।यश की इस सफलता पर खेल प्रेमियों, परिजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
