DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

हे भगवान इतनी बेरहमी : मवेशी तस्करी के शक में तीन युवकों की कर दी जमकर पिटाई,वैध दस्तावेज होने के बाद भी लोगों ने कानून को लिया हाथ में

बालोद । गुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम भरदा में बीती रात को मवेशी तस्करी के शक में तीन लोगों की बेदम पिटाई करने का मामला सामने आया है। तीनों युवकों का इलाज गुरूर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। तस्करी करने के शक में करीब 20 से 25 अज्ञात लोगों ने उनकी बुरी तरीके से पिटाई कर दी। जबकि इन लोगों के पास में मवेशी ले जाने का वैध दस्तावेज भी था। पर बिना किसी जांच पड़ताल के अज्ञात लोगों ने कानून को हाथ में ले लिया और उनकी लाठी, डंडे, बेल्ट आदि से जमकर पिटाई कर दी। जिससे तीनों बुरी तरह से घायल हो गए। मामले में पीड़ित सतीश साहू उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम रांवा अर्जुनी जिला धमतरी की शिकायत पर गुरूर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की छानबीन में जुटी हुई है। घायल सतीश साहू ने पुलिस को बताया कि वह खेती किसानी का काम करता है। 06 दिसंबर 2025 के रात्रि 10 बजे मैं अपने गांव के वेदप्रकाश साहू तथा बलराम साहू के साथ ग्राम सौराबांधा के रजउराम पिता रामलोचन से 06 नग बछवा को खरीदकर रखे थे। जिसे खरीददारी वैध दस्तावेज के साथ अपने छोटा हाथी क्रमांक CG04 QD2713 में भरकर ग्राम करहीभदर मवेशी बाजार ले जाने के लिये निकले थे। तभी ग्राम भरदा पेंवरों जाने का मार्ग मोड़ के पास पहुंचे थे तो करीबन सवा 11 बजे रात्रि को अज्ञात लोगों के द्वारा गाड़ी रोककर मवेशी कहां ले जा रहे हो, गाड़ी का चाबी निकालकर गाड़ी से उतारकर गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्का, बेल्ट, डंडा एवं हाथ में पहने चुड़ा से मारपीट कर चोट पहुंचाया है। मारपीट करने से सतीश के पीठ, दोनों भुंजा, सिर के दांया तरफ कान के उपर तथा घुटना में चोट तथा वेदप्रकाश साहू के माथा, पीठ एवं घुटना में चोट एवं बलराम साहू के पीठ, दोनों घुटना एवं दोनों भुजा में चोट आया है। तीनों सीएचसी गुरूर में भर्ती होकर ईलाज करा रहें है। फिलहाल मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। चर्चा है कि गौ सेवक बनने की आड़ में कुछ लोगों ने लूटपाट या अवैध वसूली के इरादे से रात में मवेशी लेकर जा रहे लोगों को रुकवा कर जबरदस्ती बिना जांच पड़ताल की मारपीट की गई है। गुरूर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 126(2), 296,115(2),351(3),3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

You cannot copy content of this page