मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण, टीम के कार्य की प्रशंसा



डौंडीलोहारा- नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत उपाध्यक्ष, सभापति एवं विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने संयुक्त रूप से मैदानी निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में नेहा उपाध्याय (उपाध्यक्ष), ममता यादव (सभापति नप), रेवती कोलियारे (पार्षद वार्ड 09), सूर्यकला ठाकुर (पार्षद वार्ड 01) एवं अशोक उईके (पार्षद वार्ड 13) शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों ने वार्डों में जाकर घर–घर चल रहे सत्यापन कार्य, मतदाता सूची अद्यतन तथा पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों व बीएलओ से जानकारी लेते हुए कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


निरीक्षण के दौरान अभिहित अधिकारी एवं SIR टीम पूर्ण सक्रियता से कार्यरत दिखाई दी। साथ ही शिक्षक श्री छगन बंसोर और बीएलओ संगीता महंत सहित पूरी टीम अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करती हुई नजर आई। जनप्रतिनिधियों ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सटीक और अद्यतन मतदाता सूची न केवल चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाती है बल्कि मतदाताओं को उनके अधिकार से जोड़ती है। निरीक्षण दल ने शेष बचे नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपनी आयु, पते या अन्य योग्यताओं के आधार पर यदि मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, तो शीघ्र अपने दस्तावेजों के साथ बीएलओ से संपर्क कर नाम जुड़वाएँ। अंत में, दल ने संदेश दिया कि “हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना हमारा सामूहिक दायित्व है। आइए, सटीक मतदाता सूची बनाकर अपने लोकतंत्र को और मजबूत करें।”

You cannot copy content of this page