DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

महिला कमांडो के आत्मविश्वास को देख आईजी हुए हैरान, बोले : पुलिस से समन्वय बनाकर करेंगे नए सिरे से काम

जो भी जरूरत होगी करेंगे मदद, 200% रहेगा हमारा सहयोग, आईजी का एसपी को निर्देश, क्लस्टर बनाकर दिया जाए महिला कमांडो को ट्रेनिंग

बालोद। गुण्डरदेही में गुरुवार को महिला कमांडो का प्रेरणा सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर आईजी का आगमन हुआ। उन्होंने महिला कमांडो के आत्मविश्वास की सराहना की। बोले कि हम किसी गांव में जाते हैं तो महिलाएं पुलिस वालों से बात करने से भी घबराते हैं। लेकिन यहां तो महिलाएं स्टेज पर आ रही है, भाषण दे रही है कविता सुना रही है। परसदा की महिला कमांडो कचरी बाई द्वारा जिस तरह कविता के माध्यम से महिला कमांडो के संपूर्ण कार्यों का बखान किया गया वह तारीफे काबिल था। उन्होंने उनकी कविता को एसपी से सहेजने कहा। आईजी ने कहा महिला कमांडो को आगे बढ़ाने के लिए हम पूरा प्रयास करेंगे। जितना संभव हो उन्हें संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि जो भी जरूरत है सिटी, टार्च , साड़ी, लाठी की लिस्ट बनाएं और हमें बताएं। धीरे-धीरे हम सारी चीज दिला देंगे। एक महीने के भीतर पहले तो हम टार्च दिला देंगे। बाकी चीज भी धीरे-धीरे देते जाएंगे। आईजी ने कहा कि कोई भी नागरिक बिना वर्दी का पुलिस वाला होता है, पर हर कोई पुलिस का काम करे तो अराजकता भी फैल जाएगी। इसलिए जिस तरह कमांडो कानून को बिना हाथ में लिए काम करती है वह सराहनीय है। हम कमांडो को आगे बढ़ाने 200% सहयोग करेंगे।

बिट सिपाही ,महिला कमांडो के संपर्क में रहे, लेते रहे हर गांव की खबर

मंच पर बालोद के एसपी योगेश कुमार पटेल भी मौजूद रहे। जिन्होंने आयोजन के दौरान उन्हें कहा कि बिट सिस्टम हमने लागू किया है। हर एक पुलिस स्टाफ को अलग अलग गांव की जिम्मेदारी दी गई है। सिपाही के पास वहां की महिला कमांडो का नंबर होना चाहिए। सिपाही ,महिला कमांडो के टच में रहे। कहीं भी कुछ गलत हो रहा है तो इसकी सूचना हमें दे। उन्होंने एसपी को पुलिस विभाग की ओर से कमांडो को समय समय पर क्लस्टर बनाकर ट्रेनिंग देने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि गांव में फेरी वाले आते हैं तो इसकी सूचना जरूर दें और बिट सिपाही के जरिए इसकी जांच करें। अगर हम इतना भी कर देते हैं तो किसी भी सुनसान घर पर हम चोरी होने से बचा सकते हैं और ऐसे अनजान फेरी वाले भी आने से डरेंगे। उन्होंने महिला कमांडो से कहा कि स्मार्टफोन, इंटरनेट की दुनिया में आजकल कई तरीके से धोखाधड़ी हो रही है इससे कैसे बचा जाए इस बारे में भी लोगों को जागरूक करें। वही प्रेम प्रसंग के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि महिला कमांडो बच्चों और पालकों को जागरूक करने में जिम्मेदारी निभा सकती हैं। बच्चों को समझाएं कि वह कोई भी गलत कदम ना उठाएं जिससे माता-पिता को शर्मिंदा होना पड़े। खास करके नाबालिग की अवस्था में तो ऐसा बिल्कुल ना करें। मोबाइल के दुष्प्रयोग और नुकसान को लेकर भी महिला कमांडो से कहा कि अपने गांव में इस बात को लेकर जागरूक करें।

हम करेंगे प्रोत्साहित, कमांडो का निस्वार्थ कार्य है सराहनीय

एसपी योगेश कुमार पटेल ने भी महिला कमांडो के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हमारे जिले में यह संगठन सक्रिय है यह जानकर खुशी होती है ।और तो और महाराष्ट्र में भी इसकी शुरुआत हो गई है यह हम सबके लिए गौरव की बात है। शमशाद बेगम जी को भी उनके इन विशेष कार्यों के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। हम भी यथा संभव पुलिस प्रशासन की ओर से महिला कमांडो को सहयोग करेंगे। नगर पंचायत गुंडरदेही के अध्यक्ष प्रमोद जैन ने भी अपनी ओर से महिला कमांडो को 50 साड़ी उपलब्ध कराने की बात कही। सहयोगी जनकल्याण समिति के सचिव रफीक खान ने कहा कि प्रमोद जैन का सहयोग शुरुआत से ही महिला कमांडो के प्रोत्साहन में रहा है।

2006 से निरंतर कार्य कर रही महिला कमांडो

पद्मश्री शमशाद बेगम ने कहा कि 2006 से 100 महिला कमांडो से शुरुआत करते हुए हम निरंतर कार्य कर रहे है। धीरे-धीरे कारवां बढ़ते जा रहा है और लोग जुड़ते जा रहे हैं। उन्होंने कुरूद ब्लाक के सरपंचों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के सरपंच संघ अपने गांव में कमांडो गठन करवा रहे हैं l पुलिस की एक सहयोगी के रूप में कमांडो हमेशा तत्पर रही है। पहले उन्हें स्पेशल पुलिस ऑफिसर भी बनाया गया था। निस्वार्थ भाव से समाज सुधार और सेवा के कार्य में महिला कमांडो जुटी हुई है। शासन से उन्हें कोई मदद नहीं मिलती है। निर्धन बालिकाओं की शिक्षा के लिए भी दान के माध्यम से हम अब तक 10000 बालिकाओं की मदद कर चुके हैं। बालोद जिले में 12500 और 14 जिले में करीब 72 हजार कमांडो काम कर रही हैं। इन कमांडो बहनों को प्रेरित और प्रोत्साहित करने की जरूरत है। आयोजन के दौरान प्रमुख रूप से घनश्याम दास बैरागी,रियाज खान,दीपक यादव, भीमेश्वरी शांडिल्य सहित अन्य मौजूद रहे।

उत्कृष्ट काम करने वाली पांच गांव की कमांडो को किया गया सम्मानित

मंच पर आयोजन के द्वारा बालोद जिले के अलग-अलग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कमांडो को सम्मानित किया गया। जिसमें महिला कमांडो टीम जामुलवही विकासखंड डौंडी, महिला कमांडो टीम फागुनदाह विकासखंड गुरुर, महिला कमांडो टीम जेवरतला,विकासखंड गुण्डरदेही, महिला कमांडो टीम परसदा (ज) विकासखंड बालोद, महिला कमांडो टीम सिंगारपुर विकासखंड डौंडीलोहारा की महिलाओं को प्रतीक चिन्ह और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। वहीं इस दौरान आमंत्रित सभी अतिथियों को भी प्रतीक चिन्ह और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

You cannot copy content of this page