DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य को पूरी सावधानी के साथ निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करें: कलेक्टर

बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य को पूरी सावधानी एवं सतर्कता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में राजस्व एवं इस कार्य से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य निर्वाचन से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं त्रुटि की गुंजाईश नही है। उन्होंने इस कार्य में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य को पूरी सावधानी एवं तत्परता के साथ करने को कहा। बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयावधि में शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार आज 04 नवंबर से 04 दिसंबर तक गणना की अवधि निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि आज 04 नवंबर से 04 दिसंबर तक इस कार्य के लिए नियुक्त किए गए बूथ लेवल अधिकारियों के द्वारा घर-घर जाकर गणना पत्रक को भरवाने एवं वितरण करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने इस कार्य में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि 07 फरवरी 2026 तक पूरा किया जाना आवश्यक है। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने पिछले कुछ दिनों हुए बारिश से क्षति होेने वाले फसलों की मुआवजा किसानों को प्रदान करने हेतु सर्वे कार्य के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने-अपने घरों में इस योजना के अंतर्गत सोलर पैनल लगाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने प्र्रधानमंत्री आवास योजना के आवासों में भी प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना सोलर पैनल लगाने को कहा। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने अटल माॅनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से विभागों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को इसका निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले में चलाए जा रहे कुपोषण मुक्ति अभियान के अंतर्गत कुपोषित बच्चों को गोद लेने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों को उनके घरों में जाकर उन बच्चों एवं उनके पालकों से मुलाकात कर हालचाल पता करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को गोद लिए बच्चों के सामान्य श्रेणी में लाने हेतु उनके लिए पौष्टिक भोजन केे प्रबंध के अलावा उनके पालकों को बच्चों के समुचित देखभाल के संबंध में समझाईश भी देने को कहा। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जिले में महतारी वंदन एवं वय वंदन कार्ड निर्माण के प्रगति के संबंध में जानकारी देते हुए इसके कार्यों के प्रगति की सराहना की। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले में राज्योत्सव समारोह के सफलतापूर्वक आयोजन एवं अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में जिले को लगातार मिल रहे सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसके लिए जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की  सराहना की।

You cannot copy content of this page