DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद शहर में डिवाइडर निर्माण में लापरवाही आ रही लगातार सामने, सवा महीने से रुके हैं काम, नागरिकों ने दी चक्काजाम की चेतावनी

अल्टीमेटम के बाद देर शाम कलेक्टर ने किया कार्य स्थल का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

अधिकारियों ने नागरिकों से कहा : प्रोग्रेस दिखाने के लिए खोद दिया गया था ज्यादा गड्ढा, काम हो रहे हैं अब प्रभावित

बालोद। बालोद शहर के मुख्य मार्ग दल्ली चौक से राजनांदगांव मार्ग की ओर बन रहा डिवाइडर निर्माण लगातार विवादों में घिरा हुआ है। लगभग सवा महीने से काम बंद पड़े हुए हैं। जगह-जगह गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। जिससे लोग धूल गिट्टी और गड्ढे से तो परेशान हो ही रहे हैं। रास्ते खुदे होने से लोगों की आवा जाही भी प्रभावित हो गई है। ऐसे में किसी की तबीयत खराब हो तो उनके घर मोहल्ले तक एंबुलेंस तक नहीं जा पाती है। लोगों को अपनी दुपहिया चार पहिया सड़क के दूसरी ओर रखनी पड़ रही है। घर तक पार्किंग के लिए नहीं ले जा सकते। लोग गड्ढे में गिरकर घायल हो रहे हैं। वही खोदे गए गड्ढों से पाइपलाइन फटने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। इस ज्वलंत मुद्दे को लेकर एक दिन पहले पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस समर्थित पार्षदों और नेता प्रतिपक्ष सहित प्रभावित वार्ड वासियों ने मिलकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया था। जिस पर अधिकारियों से जवाब मांगा गया कि काम क्यों बंद है, देरी क्यों हो रही है? तो पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों द्वारा बेतुका जवाब दिया गया कि संबंधित ठेकेदार ने प्रोग्रेस दिखाने के लिए ज्यादा खुदाई कर दी थी। अब काम धीमी गति से चल रहा है। इस गैर जिम्मेदाराना बयान पर प्रभावित नागरिक और आक्रोशित है और अल्टीमेटम देते हुए कहा गया है कि अगर 2 दिन के भीतर काम शुरू नहीं हुआ तो 31 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से राजनांदगांव मार्ग पर प्रभावित वार्ड वासी के साथ मिलकर कांग्रेसी चक्का जाम करने के लिए विवश होंगे। दिए गए अल्टीमेटम में अपनी समस्याएं भी बताई है कि किस तरह सड़क पर गड्ढे खुदे होने से आने जाने में परेशानी हो रही तो वहीं वाहन सहित लोग गिर रहे हैं। इस लापरवाही से लोग घायल हो चुके हैं। ज्ञापन देने के लिए विकास चोपड़ा के साथ नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी, वार्ड पार्षद निर्देश पटेल, अंचल प्रकाश साहू, दीपक चोपड़ा सहित स्थानीय वार्ड वासी पहुंचे हुए थे।

कलेक्टर ने लिया निर्माण स्थल का जायजा

इधर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने मंगलवार की देर शाम जिला मुख्यालय बालोद में निर्माणाधीन सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने दल्ली चौक से मधु चौक तक चल रहे कार्य का जायजा लिया और निर्माण कार्य के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री सुनील चंद्रवंशी, एसडीएम श्री नूतन कंवर सहित लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका बालोद के अधिकारी मौजूद थे।

You cannot copy content of this page