किसान मोर्चा एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा की संयुक्त बैठक संपन्न



बालोद। भारतीय जनता पार्टी बालोद जिला कार्यालय जुंगेरा में पिछड़ा वर्ग मोर्चा और किसान मोर्चा की संयुक्त परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश किसान मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर एवं प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष अशोक साहू के प्रथम बालोद आगमन पर उनका भव्य स्वागत आतिशबाजी, गाजे-बाजे और फूल वर्षा के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं पं. श्यामप्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। स्वागत भाषण किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष तोमन साहू व पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष जितेन्द्र साहू ने दिया। संचालन भाजपा जिला महामंत्री राकेश ‘छोटू’ यादव ने किया ।आलोक सिंह ठाकुर (प्रदेश अध्यक्ष, किसान मोर्चा) ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज़ादी के 78 वर्षों में किसानों के हित में सबसे अधिक कार्य भाजपा सरकार ने किए। अटल बिहारी वाजपेयी ने किसान क्रेडिट कार्ड जैसी ऐतिहासिक योजना की शुरुआत की। डॉ. रमन सिंह सरकार ने किसानों के लिए 0% ब्याज दर पर ऋण की व्यवस्था की। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों पर कंपोस्ट खाद के नाम पर जबरन कर्ज थोपा गया। भाजपा की सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त योजनाओं और किसान हितैषी निर्णयों से क्रांति लाई।

इसी तरह अशोक साहू (प्रदेश अध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग मोर्चा) ने अपने उद्बोधन में कहा कि ओबीसी वर्ग भाजपा की “रीढ़ की हड्डी” है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओबीसी को संवैधानिक दर्जा देकर ऐतिहासिक कार्य किया। कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया कि ओबीसी समाज से जुड़ने के लिए बूथ स्तर पर कार्य करें। सोशल मीडिया के माध्यम से ओबीसी वर्ग के कार्यों का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया ।यशवंत जैन (प्रदेश महामंत्री) ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पिछड़े वर्ग से आते हैं, उन्होंने किसानों व गरीबों के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। किसान व पिछड़ा वर्ग दोनों ही भाजपा की मूल ताकत हैं। चेमन देशमुख (भाजपा जिला अध्यक्ष) ने अपने उद्बोधन कहा कि भाजपा का “सर्वस्पर्शी” कार्य, समाज के हर वर्ग तक पहुंचने की दिशा में अग्रसर है।


मोर्चा व प्रकोष्ठों का गठन समाज के हर तबके को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि विचारधारा व संगठन के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर सक्रिय भूमिका निभाएं। इस दौरान पवन साहू, कृष्णकांत पवार, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, लेखराम साहू, देवेंद्र जयसवाल,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर,नगर पालिका अध्यक्ष द्वय प्रतिभा चौधरी, तोरण साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता जिले के पदाधिकारी एवं जिले के समस्त किसान मोर्चा व पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में आए हुए सभी अतिथियों का, जिले से आए सभी कार्यकर्ताओं का जिला कोषाध्यक्ष हरीश कटझरे द्वारा आभार प्रकट किया गया।

You cannot copy content of this page