बालोद। पिछले दिनों हमने ग्राम जगन्नाथपुर में जियो के एयरफेयर वाई-फाई की लचर सेवा व्यवस्था को लेकर खबर प्रकाशित की थी कि किस तरह सुविधा के नाम पर उपभोक्ताओं को लॉलीपॉप पकड़ा कर परेशान किया जा रहा है। जहां रेंज नहीं है ऐसे इलाके में भी 1111 और 600 रुपए एयर वाईफाई के नाम पर लोगों को कनेक्शन बांटे जा रहे हैं और सेटअप लगने के बाद इंटरनेट चल ही नहीं पा रहे हैं। इस समस्या से लगभग 2 माह से ग्रसित जगन्नाथपुर के उपभोक्ता दीपक यादव ने आवाज उठाई थी ताकि जियो कंपनी अपनी वाई-फाई की सुविधा में सुधार करे और आने वाले दिनों में अन्य उपभोक्ता अगर वाई-फाई लगवाते हैं तो उन्हें बेहतर सुविधा मिले। इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशन के बाद जियो कंपनी ने भी इसे गंभीरता से लिया और जहां कुछ दिन पहले धमतरी की टीम मामले की जांच के लिए जगन्नाथपुर पहुंची तो वही शुक्रवार को स्टेट और धमतरी, बालोद की टीम संयुक्त रूप से उपभोक्ता के घर पर निशुल्क नया वाईफाई सेटअप लगाने के लिए पहुंची। दोपहर 12 से 3 बजे तक 3 घंटे तक सेटअप एंटीना आदि सेट करने का काम चला।

पुरानी जियो एयर वाईफाई के सेटअप को निकाला गया और उसकी जगह नया एयर फाइबर C6x का सेटअप लगाया गया। जिसका टावर जगन्नाथपुर में ही लगा हुआ है। पुराना एयर वाई-फाई 5G सेटअप था चूंकि जगन्नाथपुर में इसका नेटवर्क ही नहीं था, इसमें सिग्नल लगभग 5 से 6 किलोमीटर दूर टेकापार से लिया जा रहा था, जो दूरी अधिक होने के कारण इंटरनेट स्लो होने की समस्या बार-बार आ रही थी जिसके चलते बार-बार राउटर बंद होता था नेट बंद हो जाता था। उक्त पुराने सिस्टम को हटाकर निशुल्क नया सेटअप लगाकर उपभोक्ता दीपक यादव को दिया गया। जिस पर उन्होंने संतुष्टि जाहिर की। साथ ही घर पहुंच कर नया सेटअप लगाने के लिए उन्होंने जियो कंपनी और आए हुए टीम का आभार जताया। अब उनके घर लगा वाई-फाई बिना किसी रूकावट के तेज गति के साथ चल रहा है। इस दौरान स्टेट टीम से सतीश साहू, धमतरी बालोद जिले की टीम से गुलशन कुमार साहू व संजीव साहू पहुंचे थे।
