खबर का असर : जल्द बदलेगी जगन्नाथपुर से जुड़े हुए गांवों की सड़कों की सूरत



सुशासन तिहार के जरिए जनपद सदस्य दमयंती हरदेल का प्रयास लाया रंग, एक सड़क के लिए मिल चुकी स्वीकृति, दूसरे का निविदा प्रक्रिया लंबित

बालोद– बहुत जल्द जगन्नाथपुर क्षेत्र से जुड़े हुए आसपास के गांवों को जोड़ने वाली सड़कों की सूरत बदलने जा रही है। जो कि लगभग 5 सालों से जर्जर अवस्था में है। इन प्रमुख मार्गो में जगन्नाथपुर से दरबारी नवागांव डेंगरापार मार्ग और एक जगन्नाथपुर से परसदा होते हुए पापरा पहुंच मार्ग शामिल है। जो खराब होने से लोगों को आने जाने में काफी दिक्कत होती है। बीते सुशासन तिहार के दौरान इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने आवाज उठाई थी। तो वहीं जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने वाली क्षेत्र क्रमांक 1 की जनपद सदस्य दमयंती सुभाष हरदेल ने भी इस पर प्रमुखता से मांग रखते हुए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखे थे और आवेदन दिए थे। उनका लगातार जारी प्रयास अब रंग लाया है। उन्होंने नए सिरे से सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण की लगातार मांग की थी। इसी क्रम में विगत दिनों जनपद पंचायत बालोद में हुई बैठक में भी उन्होंने अपनी मांगों को दोहराया। जिस पर पीडब्ल्यूडी की ओर से उन्हें उनकी मांगों पर हुई कार्रवाई से संबंधित दस्तावेज की प्रतिलिपि दिए हैं। जिसमें स्पष्ट किए गए हैं कि जिन जिन सड़कों की मांग उनके द्वारा की गई थी वह स्वीकृत हो गए हैं। इस पर खुशी जाहिर करते हुए जनपद सदस्य श्रीमती हरदेल ने मीडिया से बात साझा करते हुए कहा कि हम जनहित के मुद्दों को लेकर इसी तरह आगे भी प्रयासत रहेंगे। जल्द क्षेत्र की सड़कों का कायाकल्प होगा।

हमने प्रकाशित की थी प्रमुखता से खबरें, जनपद सदस्य ने जताया आभार

वही जगन्नाथपुर से जुड़ने वाली आसपास की ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों को लेकर लगातार डीबी डिजिटल मीडिया ( डेली बालोद न्यूज़) ने खबरें प्रकाशित की थी। प्रमुखता से जन समस्याओं को उजागर करते हुए अधिकारियों के संज्ञान में मुद्दे को लाया गया। जिसके बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाई और संबंधित कार्यों को बजट में शामिल करवाने के लिए नए सिरे से प्रस्ताव आदि भेजे गए। इसके उपरांत स्वीकृत हुई है।

3 ब्लॉक के दर्जनों गांव के लिए महत्वपूर्ण है ये रास्ते, पापरा में ओवरब्रिज बना पर लोगों को लाभ नहीं मिल रहा

इन मार्गों के बनने से गुंडरदेही और डौंडीलोहारा ब्लॉक के अंदरूनी क्षेत्र के दर्जनों गांव आसानी से बालोद, अर्जुंदा और लाटाबोड़ दुर्ग मार्ग से जुड़ सकेंगे। आवागमन की सुविधाओं में इजाफा होगा और लोगों का आने-जाने में समय भी बचेगा । वर्तमान में दोनों ही मार्ग की दशा बहुत ही खराब है। बारिश होती है तो सड़क चलने लायक नहीं होती। दलदल भरी सड़क में लोगों का चलना मुश्किल होता है। वहीं परसदा पापरा मार्ग पर लोहारा की ओर से आने वाली गोरियान नाला में ओवरब्रिज (सेतु) भी कई साल पहले बन चुका है। पहले बाढ़ से रास्ता बंद हो जाता था।

पर आज भी सड़क नहीं बनने के ओवरब्रिज के बावजूद नाममात्र का आवागमन होता है। यह रास्ता आसपास के अन्य ब्लॉक के गांव को जोड़ने का सबसे नजदीकी रूट है, बावजूद लोग सड़क खराब होने या दलदल होने के कारण यहां से आना-जाना नहीं करते हैं। वहीं दरबारी नवागांव मार्ग लोगों को डौंडीलोहारा और सुरेगांव क्षेत्र से लोगों को जोड़ता है। ये सभी सड़कें बालोद, गुण्डरदेही और लोहारा ब्लॉक की सीमाओं पर है।

कॉलेज को लेकर भी चल रही मांग, सीएम से करेंगे मुलाकात

जनपद सदस्य श्रीमती दमयंती हरदेल ने बताया कि पड़ोसी ग्राम सांकरा ज के लिए नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवन की स्वीकृति भी मिल चुकी है। जल्द ही नया भवन बनने वाला है। इससे सैकड़ो बच्चों को जर्जर भवन से राहत मिलेगी। वर्तमान में स्कूल भवन जर्जर होने से मिडिल स्कूल में दो पाली में कक्षा संचालित हो रही है। वही जनपद सदस्य ने बताया कि जगन्नाथपुर सांकरा में महाविद्यालय खुलवाने को लेकर भी वह लगातार मांग कर रही हैं। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई दफा पत्र भी लिखे हैं तो सुशासन तिहार में भी उन्होंने आवेदन लगाया था। उन्होंने कहा कि इस मसले को लेकर जल्द ही वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से प्रत्यक्ष भेंट करने वाली है और उनके कार्यकाल के अंतर्गत ही जगन्नाथपुर सांकरा में कॉलेज खुल जाए इसके लिए भी पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जो भी मूलभूत समस्याएं हैं उनका समाधान जल्द से जल्द हो इस हेतु मैं हमेशा तत्पर रहती हूं। अपने पूरे 5 साल के कार्यकाल के दौरान मैं ज्यादा से ज्यादा क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने और विकास कार्य करवाने का प्रयास करती रहूंगी।

फैक्ट-फाइल

किस काम के लिए कितने की मिली है स्वीकृति

कार्य – स्वीकृत राशि – वर्तमान स्थिति

  • जगन्नाथपुर से दरबारी नवागांव, डेंगरापार मार्ग (6 किमी.) – 7 करोड़ 19 लाख 28 हजार रुपए- टेंडर हो चुका ( काम बारिश के बाद शुरू होगा)
  • जगन्नाथपुर से परसदा होते हुए पापरा मार्ग (6.025 किमी.) – 6 करोड़ 94 लाख 74 हजार – शासन स्तर पर निविदा लंबित( वित्त मंत्रालय के निर्देश पर)
  • सांकरा ज हायर सेकेंडरी स्कूल भवन – 1 करोड़ 21 लाख 16 हजार रुपए – अनुबंध स्तर पर

You cannot copy content of this page