DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

राह चलते युवक पर गिर पड़ी कच्ची दीवार, अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

बालोद। कहतें हैं मौत किसी भी रूप में सामने आ सकती है। एक युवक को क्या पता था कि राह चलते उसकी मौत से सामना हो जाएगा। लेकिन हुआ वैसा ही। बालोद जिले के गुण्डरदेही से लगे ग्राम चैनगंज में एक युवक पर कच्ची दीवार गिर गई। जिसमें उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आ है और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान का एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है जिसे देख आपके भी होश उड़ जाएंगे। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मृतक का नाम विनय कुमार चंदनिया बताया जा रहा है। बताते हैं कि विनय का परिवार उसकी बहन का इलाज कराने कोकपुर (छुरिया ब्लॉक) से चैनगंज आया हुआ था और घटना वाले दिन भी सभी लोग भिलाई जाने की तैयारी में थे। सुबह नाश्ता करने के बाद विनय अपने बड़े पापा के घर से पास की दुकान की ओर जा रहा था। घर से करीब 20 कदम ही निकला था कि अचानक एक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई । उसे तुरंत गुंडरदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए भिलाई हाईटेक हॉस्पिटल रेफर किया गया था। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने उक्त मकान मालिक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसकी दीवार गिरने से युवक की जान गई। फिलहाल गुंडरदेही पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पेशे से इंजिनीयर था युवक , 4 सितंबर की है घटना

इधर पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मृतक युवक पेशे से इंजीनियर था। विनय कुमार चंदनिया (31 वर्ष) के साथ हुआ यह हादसा 4 सितंबर का है । मृतक राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कोकपुर का रहने वाला था। वह अपनी बहन की इलाज के लिए चाचा के घर आया था। 4 सितंबर को सुबह 10 बजे गुंडरदेही घर पहुंचने के बाद नाश्ता किया और करीब 11 बजे टहलने के लिए निकला। इस दौरान सुबह 11.05 बजे लगातार बारिश से एक दीवार ढहकर विनय के ऊपर गिर गया। जिसके बाद वह नाली मे गिरा। जिससे उसका सिर फट गया था। परिजन उसे आनन-फानन में गुंडरदेही शासकीय अस्पताल ले गए। वहां से उसे रेफर किया गया। परिजनों ने बताया दो दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शनिवार को मौत हो गई। इस हादसे का सीसी फुटेज रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। गुंडरदेही थाना प्रभारी मनीष शेंडे ने बताया कि युवक की मौत की जानकारी परिजनों से मिली है। हादसा गुंडरदेही के चैनगंज में हुआ था और इलाज के दौरान उसकी मौत भिलाई के निजी अस्पताल में हुई। शून्य मर्ग कायम कर केस गुंडरदेही में ट्रांसफर किया जाएगा।

You cannot copy content of this page