DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शौचालय स्वच्छता और हेलमेट जागरूकता अभियान का उमरगांव में हुआ आयोजन

गुरुदेव बिरेंद्र देशमुख ने आस्था के नाम पर हो रहे आडंबर को लेकर भी उठाए सवाल

लोगों को एक दूसरे की मदद कर मानवता पेश करने की अपील की

डीबी डिजिटल मीडिया बालोद। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत 5 सितंबर धमतरी जिला के नगरी ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरगांव में शौचालय स्वच्छता, और हेलमेट/ यातायात जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि बालोद जिले के प्रसिद्ध नाड़ी वैद्य एवं मोक्ष धाम सेवा संस्थान लिमोरा, गुंडरदेही के संस्थापक गुरुदेव बीरेंद्र देशमुख रहे।

गुरुदेव बीरेंद्र देशमुख ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए स्वच्छता और यातायात सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अनेक बीमारियाँ स्वच्छता की कमी के कारण फैल रही हैं। इससे बचाव के लिए पेड़-पौधे लगाना, घर और आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से युवा वर्ग को यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि आज हर घर में मोटरसाइकिल है, लेकिन हेलमेट का उपयोग नहीं करने के कारण कई लोग दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने आत्मसुरक्षा हेतु हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर बल दिया।

उन्होंने देश के कुछ नामी मंदिरों में हो रहे दर्शन के नाम पर लूटपाट और आस्था के नाम पर आडंबर को लेकर भी सवाल उठाया। साथ ही ग्रामीणों को सच्ची भक्ति से ही भगवान को प्राप्त करने की बात कही। गणेश विसर्जन के दिन शराब के नशे में होकर युवाओं द्वारा डीजे आदि में जिस तरह नृत्य किया जाता है उसे भी आस्था के साथ मजाक बताया गया। युवाओं को ऐसा न करने की अपील उन्होंने की। इस दौरान गुरुदेव ने बालोद जिले के गुण्डरदेही ब्लॉक के लिमोरा में बना रहे मां 64 योगिनी कामधेनु मंदिर की जानकारी भी दी, जहां कोई दान पेटी नहीं होगी।

हेलमेट पहनाकर और नकद इनाम देकर किया गया सम्मान

शौचालय स्वच्छता और हेलमेट जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत विजेताओं को क्रमशः पुरस्कृत किया गया। पुराने शौचालय जिनके यहां हैं और जिन लोगों ने उन्हें आज भी सही सलामत रखा है, ऐसे लोगों को चिन्हित कर तीन वर्गों में क्रमशः प्रथम 5000, द्वितीय 3000 और तृतीय 2000 रुपए दिए गए। इसी तरह यातायात के नियमों का सजकता से पालन करने, सभी कागजात रखने वालों को भी पुरस्कृत किया गया। गुरुदेव ने स्वयं मंच पर बुलाकर विजेताओं को नगद इनाम राशि और हेलमेट पहनाकर सम्मानित किया और आगामी गरियाबंद जिले में इस अभियान को आगे बढ़ाने को लेकर बात कही। बता दें कि इसके पहले बालोद जिले के गुरूर ब्लॉक के पोड़ और कांकेर जिले के एक गांव में इस अभियान की शुरुआत की गई है। धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में इस अभियान को प्रसारित किया जाएगा। इस पुनीत कार्य के लिए ग्राम उमरगांव की जनता ने गुरुदेव देशमुख का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत उमरगांव की सरपंच श्रीमती अंजना ध्रुव, पूर्व सरपंच मोहन पुजारी एवं ग्राम समिति अध्यक्ष कृष्ण मारकोले सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं यातायात सुरक्षा न केवल व्यक्तिगत, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व है।कार्यक्रम में शिक्षक दिवस के अवसर पर ग्राम की बेटियां, जो शिक्षिका एवं देश की सेवा में सेना में कार्यरत हैं, को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही, ग्राम में स्वच्छता अभियान में योगदान दे रहे सफाई कर्मचारियों एवं जो अपने स्कूल उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं उन छात्र छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत उमरगांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाया। इस दौरान बालोद जिले से गुरुदेव के साथ ओम प्रकाश साहू, डॉ योगेंद्र साहू, तिलक देशमुख, मोक्ष धाम सेवा संस्थान फाउंडेशन के मीडिया प्रभारी दीपक यादव भी पहुंचे हुए थे।

You cannot copy content of this page