जीएसटी सुधारों का भाजपाइयों ने किया स्वागत



बालोद । जीएसटी परिषद ने बुधवार को आम सहमति से माल एवं सेवा कर में व्यापक सुधारों को मंजूरी दे दी। इन सुधारों के तहत साबुन, साइकिल, टीवी और व्यक्तिगत स्वास्थ्य तथा जीवन बीमा पॉलिसी जैसे आम उपयोग के उत्पादों पर जीएसटी की दरों में उम्मीद से अधिक बड़ी कटौती की गयी है। जीएसटी में 5% और 18% की दो-स्तरीय कर संरचना को मंजूरी दी गयी है। गुटखा, तंबाकू और तंबाकू उत्पादों तथा सिगरेट को छोड़कर सभी उत्पादों पर नई दरें 22 सितंबर यानी नवरात्रि के पहले दिन से लागू होंगी। व्यक्तिगत उपयोग की लगभग सभी वस्तुओं पर दरों में बड़ी कटौती की गयी है। बालोद भाजपा एवं विभिन्न संगठनों ने केंद्र सरकार के फैसले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसका स्वागत किया है। भाजपाइयों ने पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का विभिन्न वस्तुओं और सेवाओं पर जीएसटी दरों में भारी कटौती के लिए हार्दिक आभार जताया है।

ये बदलाव जनता की जेब पर बोझ कम करेंगे:

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री शाहिद खान ने बताया कि, ये बदलाव जनता की जेब पर बोझ कम करेंगे। रोज के सामान, खाना की चीजें और छोटी गाड़ियां सस्ती हो जाएंगी। व्यक्तिगत, परिवार, और बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य बीमा पर 18% टैक्स हट गया है। इससे बीमा लेना सस्ता होगा और ज़्यादा लोग इसे ले सकेंगे। सीमेंट पर टैक्स 28% से 18% हुआ, तो घर बनाने या मरम्मत का खर्च थोड़ा कम होगा।

देशवासियों को दिवाली से पहले मोदी सरकार का ऐतिहासिक तोहफा:

बालोद भाजपा मंडल के अध्यक्ष अमित चोपड़ा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि, देशवासियों को दिवाली से पहले मोदी सरकार का ऐतिहासिक तोहफा। प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों का जो विजन प्रस्तुत किया था, आज वह साकार हो गया है।

ये बदलाव देश की आर्थिक प्रगति में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे:

बालोद नगरपालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जीएसटी नियमों में संशोधन करने के उनके निर्णय के लिए बधाई और धन्यवाद दिया है। ये बदलाव देश की आर्थिक प्रगति में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे। दैनिक आवश्यक वस्तुओं, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और कृषि पर संशोधित स्लैब के साथ जीएसटी सुधारों का स्वागत करते हैं। यह गरीब-समर्थक, विकासोन्मुखी निर्णय किसानों से लेकर व्यवसायों तक समाज के सभी वर्गों को लाभान्वित करेगा।

इन सुधारों से मध्यम वर्ग और व्यापारिक समुदाय को फायदा:

बालोद भाजपा शहर मंडल के पूर्व महामंत्री नितेश वर्मा ने कहा कि, इन सुधारों से मध्यम वर्ग और व्यापारिक समुदाय को फायदा होगा। 12 फीसदी वाले स्लैब में शामिल 99 फीसदी वस्तुओं को 5 फीसदी वाले तथा 28 फीसदी वाले स्लैब में शामिल 90 फीसदी वस्तुओं को 18 फीसदी वाले कर दर में स्थानांतरित करने से अधिकांश उपभोक्ताओं पर कर का बोझ काफी हद तक कम हो जाएगा। 

मोदी सरकार ने सस्ती स्वास्थ्य सेवा की दिशा में उठाया बड़ा कदम:

बालोद नगरपालिका के पार्षद गिरिजेश गुप्ता ने कहा कि, अब जीवनरक्षक दवाओं पर जीएसटी पूरी तरह खत्म कर दी गई है। 33 जरूरी दवाओं पर 12% टैक्स हटाकर शून्य कर दिया गया, जबकि कैंसर और दुर्लभ बीमारियों की तीन दवाओं पर 5% से जीएसटी शून्य किया गया। बाकी कई दवाओं पर टैक्स 12% से घटाकर 5% हुआ। इससे इलाज सस्ता होगा और मरीजों को राहत मिलेगी।

नई पीढ़ी का यह जीएसटी सबके लिए खुशियां लेकर आएगा:

बालोद नगरपालिका के पार्षद दीपक लोढा ने कहा, किसानों से लेकर उद्यम तक, घर बार से लेकर व्यापार तक, नई पीढ़ी का यह जीएसटी सबके लिए खुशियां लेकर आएगा। इस निर्णय से कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य क्षेत्रों को राहत मिलेगी।

देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक कदम:

कर सलाहकार लकी जैन का कहना है कि, ये सुधार एक परिवर्तनकारी कदम हैं, जो किसानों, एमएसएमई, छोटे व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग को राहत प्रदान करते हैं, साथ ही पूरे भारत में व्यापार करने में आसानी सुनिश्चित करते हैं। यह केवल एक नीतिगत बदलाव नहीं, यह नागरिकों को सशक्त बनाने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक कदम है।

व्यापारियों को लाभ होगा और व्यापार में तेजी आएगी:

जैन युवा शक्ति के पूर्व शहर अध्यक्ष शुभम नाहटा ने इस ऐतिहासिक निर्णय हेतु प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का हार्दिक आभार जताया है। उन्होंने बताया कि अब जीएसटी के चार स्लैब घटकर दो हो गए हैं। जिससे अधिकांश चीजें सस्ती हो जाएंगी। इससे व्यापारियों को लाभ होगा और व्यापार में तेजी आएगी। कहा कि नए कानून में 12 और 28 फीसद की दरें समाप्त कर दी गई हैं।

You cannot copy content of this page