DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जगन्नाथपुर में आसामाजिक तत्वों और शराब के अवैध कारोबारियों पर अंकुश लगाने पुलिस ने कसी कमर

जल्द हो सकती है बड़ी कार्यवाही, टीम पहुंची गांव, संदेहियों पर रखी जा रही नजर

खबर का असर: टीआई ने पंचायत प्रतिनिधियों को भी कहा: मिलकर गांव सुधारने आगे आना है जरूरी

बालोद । बीते दिनों हमारे द्वारा ग्राम जगन्नाथपुर में बढ़ रहे आसामाजिक तत्वों के उत्पात,अवैध शराब की बिक्री और एक महिला के घर आसामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इस खबर प्रशासन के साथ पुलिस प्रशासन ने सतर्कता दिखाई और गुरुवार की शाम को बालोद पुलिस सहित यातायात पुलिस की टीम भी जगन्नाथपुर में तैनात हो गई। लगातार चौक चौराहे और संदिग्ध इलाकों में अवैध कार्यों में संलिप्त रहने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही थी। इस बीच कुछ लोग को कड़ी चेतावनी भी दी गई कि वे अवैध कारोबार बंद कर दे वरना पुलिस अपना काम करेगी। वहीं पंचायत प्रतिनिधियों को भी बुलाकर कहा गया कि गांव को सुधारना है तो सबको मिलकर आगे आना होगा, नियम बना रहे तो उसके पालन में कड़ाई और पंचायत प्रतिनिधियों में एकता जरूरी है। सरपंच देव कुंवर दौलत कोसीमा को भी कहा गया कि जो भी अवैध शराब बेच रहे हैं उनका नाम खुलकर बताएं तभी हम उन्हें उन पर कार्यवाही कर सकेंगे।

सोमवार को होगी गांव में बैठक, पुलिस प्रशासन भी रहेगी मौजूद

सरपंच ने जानकारी दिया कि सोमवार को गांव में एक बैठक रखी जाएगी, जिसमें इस मुद्दे पर चर्चा होगी और जो भी गांव में शराब बेच रहे हैं या किसी भी तरह के अवैध कार्य में संलिप्त हैं उन्हें चिन्हित कर उन्हें अंतिम चेतावनी दी जाएगी ।इस बैठक में पुलिस प्रशासन को भी आमंत्रित किया गया है। थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा भी गुरुवार को जगन्नाथपुर पहुंचे थे। उन्होंने संदेहियों और शराब बेचने वालों की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों से ली और जल्द से जल्द उन पर कार्यवाही करने की बात कही।

गांव का धार्मिक स्थल झुंडा का भी उन्होंने जायजा लिया, जहां पर लोग जाम छलकाते हैं, जुआ और शराबखोरी चलती है, मौके पर जाकर उन्होंने देखा तो वहां शराब की सीसी, डिस्पोजल और ताश के पत्ते पड़े हुए थे । जिस पर उन्होंने अपने टीम को निर्देशित किया कि यह कब से हो रहा है, अब तक इस पर कार्यवाही क्यों नहीं हुई है? इस पर जरूर ध्यान दे।

मीना साहू के घर भी पहुंचे थाना प्रभारी

इस बीच जिस मीना साहू के घर अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाने का प्रयास किया गया था, उनके घर पर भी थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा और उनके स्टाफ पहुंचे और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी महिला से ली गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हम अपने स्तर पर संबंधित अज्ञात आरोपी को पकड़ने का पूरा प्रयास करेंगे ।उनसे पूछा गया कि किसी के ऊपर शक है, किसी से कोई दुश्मनी है तो खुलकर बताएं ताकि हमें आरोपी को पकड़ने में मदद मिल सके। मीना साहू ने उन्हें अपने साथ हुई घटना की विस्तृत जानकारी दी।

वहीं देर शाम को एसडीओपी देवांश सिंह राठौर भी जगन्नाथपुर पहुंचे और चौक के आसपास उन्होंने तैनात पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया और ग्रामीणों से भी पुलिस प्रशासन का साथ देने की अपील की गई। इस तरह जगन्नाथपुर में पुलिस प्रशासन की टीम शाम से देर रात तक तैनात रही। इससे माना जा रहा है कि जल्द ही गांव में अवैध शराब कारोबारी, आसामाजिक तत्वों पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है। थाना प्रभारी ने गांव की सुधार और अवैध कारोबारियों पर अंकुश लगाने का पूरा भरोसा दिलाया है।

संबंधित खबर

You cannot copy content of this page