
बालोद/ डौंडी। डौंडी थाना क्षेत्र में 26 दिसंबर को रेप का मामला दर्ज हुआ था। उक्त घटना के मुताबिक एक बेटी ने अपने ही पिता पर दुष्कर्म (बलात्कार) की रिपोर्ट लिखवाई थी। उक्त घटना से नाबालिग बेटी गर्भवती हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी रिपोर्ट दर्ज होने के पहले ही 19 दिसंबर से बालोद ब्लाक के ग्राम सांकरा क से फरार हो गया था। जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही थी। पर शुक्रवार को सांकरा से ही कुछ ही दूर पर स्थित करका भाट के जंगल में उस पिता की लाश मिली। जो फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। लाश काफी सड़ गई थी। पहले तो इसकी पहचान नहीं हो पाई थी। बालोद थाना प्रभारी गेंदसिंह ठाकुर सहित अन्य स्टाफ द्वारा उक्त सड़ी गली लाश की फोटो सोशल मीडिया में वायरल कर के पहचान के लिए कोशिश की जा रही थी। पुलिस ग्रुप में भी इसे डाला गया था जिसके बाद डौंडी पुलिस को संदेह हुआ कि कहीं यह फरार आरोपी की लाश तो नहीं? थाना प्रभारी डौंडी अनिल ठाकुर ने लाश की फोटो पीड़िता व उनके परिवार वालों को व्हाट्सएप में भेजी। जहां पीड़िता व उसकी मां ने पहचान लिया कि लाश में जो कपड़ा नीला रंग का दिख रहा है वह तो उन्ही का ही है। परिवार वालों को सामने लाया गया और पहचान कर पुष्टि हो गई कि यह वही फरार पिता था। जिसे पुलिस अलग-अलग ठिकानों को ढूंढ रही थी। पर वह जहां से भागा था उससे कुछ ही दूरी पर जंगल में जाकर फांसी लगाकर मर चुका था। डौंडी पुलिस लगभग 2 माह से तलाश कर रही थी।पर सुराग नहीं मिला था। ज्ञात हो कि उक्त आरोपी मृतक पिता की तीन पत्नियां थी। पर उनकी हरकतों की वजह से उसके साथ कोई नहीं टिक पाया। एक पत्नी की दूसरे के साथ चली गई। दूसरी पत्नी की मौत हो गई तो तीसरी पत्नी भी उससे अलग हो गई। वह घर में अपनी बेटी व बूढ़ी मां के साथ रहता था। इस बीच अपनी ही बेटी को मारपीट कर डरा धमका कर कमरे में बंद करके उसे अपनी हवस का शिकार बनाता था ।इस घटना से बेटी गर्भवती हो गई थी फिर आरोपी ने उसे झूठ बोलवा कर अपनी मां के पास भेज दिया था। की कुछ लड़कों ने उनके साथ दुष्कर्म किया है ऐसा बता देना। पर जब मां ने बारीकी से पूछताछ की तो बेटी ने असलियत बताई और अपने पिता की कुकर्म को उजागर किया। जब उनकी मां ने अपने पति को पूछताछ के लिए बुलाया तो वहां से वह फरार हो गया ।थाने में मामला पहुंचा। पुलिस तलाश शुरू हुई पर कल उसकी लाश मिली।
