बालोद| बालोद नगर की बेटी किरण पिस्दा, जिन्होंने भारतीय महिला फुटबॉल टीम में स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है, का भव्य स्वागत व सम्मान अरिहंत एकेडमी द्वारा किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में स्कूल के चेयरमैन डॉ प्रदीप जैन ने किरण पिस्दा तथा उनके माता-पिता को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही किरण को अरिहंत अकैडमी का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया। इस अवसर पर अरिहंत एकेडमी के विद्यार्थियों ने भावपूर्ण गीत प्रस्तुत कर किरण का स्वागत किया, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो उठा। विद्यालय प्रबंधन द्वारा किरण को भविष्य में जो भी आवश्यकता होगी उसकी पूर्ति संस्था द्वारा करने का आश्वासन दिया गया ताकि वह आगे की पढ़ाई और खेल में और बेहतर कर सकें। किरण ने अपने उद्बोधन में कहा – “सपने बड़े देखो और फिर पूरी मेहनत से उनके पीछे दौड़ो, सफलता जरूर मिलेगी।” चेयरमैन डॉ प्रदीप जैन ने अपने भाषण में कहा – “यह बालोद के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है कि किरण ने यह उपलब्धि हासिल की है। अरिहंत अकैडमी हर संभव सहयोग प्रदान कर उनके सपनों को साकार करने में साथ देगा।” कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भारतीय फुटबॉल की इस भविष्य की सितारा खिलाड़ी से ऑटोग्राफ भी लिए, और उनके साथ फोटोग्राफ लेकर इस ऐतिहासिक क्षण को संजोया। कार्यक्रम में संस्था के मोहन नाहटा, मनोहर नाहटा, दानमल जैन, श्रीमती त्रिशला जैन, रजत जैन एवं यश नाहटा भी उपस्थित थे।विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक गण एवं समस्त छात्र वृंद की ओर से किरण पिस्दा को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं गईं।
भारतीय फुटबॉल टीम में चयनित किरण पिस्दा बनी अरिहंत एकेडमी की ब्रांड एंबेसेडर
