DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारी संघ  ने भाजपा जिला अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, 12 से 16 जुलाई तक कार्यस्थल पर काली पट्टी बांध करेंगे काम 

बालोद| छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदेश के 16,000 से अधिक संविदा एनएचएम कर्मी 10 जुलाई से सिलसिलेवार विरोध-प्रदर्शन की शुरुआत कर चुके हैं।  आंदोलन की पृष्ठभूमि में वर्षों से लंबित 10 सूत्रीय मांगों का निराकरण न होना प्रमुख कारण है। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख को ज्ञापन सौंपा है। संघ की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, 27% वेतन वृद्धि, ग्रेड पे निर्धारण, स्थानांतरण नीति लागू करना, सेवा शर्तों में सुधार, अन्य विभागों के समकक्ष सुविधा सहित अन्य मांगें शामिल हैं. प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में संघ ने शासन-प्रशासन के हर स्तर पर संवाद के प्रयास किए, किंतु कोई ठोस परिणाम नहीं निकला. अब संविदा कर्मियों के धैर्य का बांध टूट चुका है. यह आंदोलन चेतावनी नहीं, समाधान की मांग है। प्रदेश प्रवक्ता पूरन दास ने स्पष्ट किया कि ‘मोदी की गारंटी’ जैसे वादों के बावजूद संविदा कर्मियों की मांगों की अनदेखी यह दर्शाती है कि व्यवस्था संवेदनहीन हो चुकी है. यदि अब भी निर्णय नहीं लिया गया तो यह आंदोलन प्रदेशव्यापी जन आंदोलन का रूप ले सकता है। संघ के चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत 10 जुलाई को विधायक गण को ज्ञापन सौंपने से हो चुकी है। 11 जुलाई को भाजपा जिला अध्यक्षों को मांग-पत्र सौंपा गया। अब आगामी 12 से 16 जुलाई तक कार्यस्थल पर काली पट्टी बाँधकर कार्य, 16 जुलाई को विशेष ज्ञापन दिवस के बाद 17 जुलाई को “रायपुर चलो” को अंजाम दिया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक प्रभाव पड़ सकता है, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इसी क्रम में चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन की शुरुआत हो चुकी है जिसके अंतर्गत द्वितीय दिवस भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख को ज्ञापन  सौंपा गया , जिसमें अध्यक्ष द्वारा 30 मिनट समय दे कर सभी बिंदु पर चर्चा और इन बिंदु को शासन स्तर  पर पहुंचाने के लिए अनुशंसा पत्र जारी करने हेतु आश्वासन दिया। जिसमें संघ के अध्यक्ष  खिलेश साहू और संघ के 40 सदस्य उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page