DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

आमाडुला में बांध के किनारे खेत में खून से लथपथ मिली है युवक की लाश, हत्या का संदेह, पुलिस कर रही जांच और तलाश

बालोद/डौंडी( अजय अग्रवाल संवाददाता )| जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम आमाडुला में बांध के किनारे खेत में मंगलवार की सुबह खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जिसके बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी डौंडी पुलिस को दी। मिली जानकारी अनुसार डौंडी ब्लॉक के ग्राम आमाडुला में मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा कि बांध के किनारे एक युवक की खून से लतपथ लाश पड़ी हुई है। जिसके चेहरे और शरीर पर किसी धारदार हथियार से कई वार किए हुए दिखाई दे रहे थे। खून से लतपथ लाश मिलने की जानकारी गांववालों को होते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी डौंडी पुलिस को दी गई और तत्काल थाना प्रभारी उमा ठाकुर दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान ग्राम चिहरो निवासी 22 वर्षीय युवक प्रीत राम गोटा पिता हीरा राम गोटा के रूप में होने के बाद परिजनों को घटना के संबंध में जानकारी दी गई। मृतक के परिजनों का कहना है कि प्रीत राम सोमवार को दोपहर लगभग 3 बजे बांध में मछली पकड़ने के लिए अपने दोस्तों के साथ जा रहा हूं, कहकर घर से निकला था और मोबाइल को भी घर पर ही छोड़ के गया था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला और सुबह आमाडुला बांध के किनारे मंशा राम मंडावी नामक ग्रामीण के खेत में प्रीत के शव मिलने की जानकारी हुई। घटना स्थल पर तीन जोड़ी चप्पल भी मिली है और मृतक के चेहरे एवं शरीर पर किसी धारदार हथियार से कई वार के निशान भी दिखाई दे रहे है। जिसके कारण किसी विवाद के चलते युवक की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। इधर थाना प्रभारी उमा ठाकुर के द्वारा घटना की जानकारी जिले के आला अधिकारियों को देने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले से भी अधिकारियों सहित पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंच जांच में जुट गई। उपस्थित पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया , प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

You cannot copy content of this page