बालोद। बालोद स्थित जिला जेल में विश्व योग दिवस के अवसर पर प्रसिद्ध योग शिक्षक रवि प्रकाश पांडेय ने योग कराया। इस अवसर पर जेल स्टाफ व बंदियों को विभिन्न आसन बताए गए। इसके अलावा योग का महत्व भी बताया गया। विश्व योग दिवस पर जगह-जगह योग का आयोजन किया गया। इसी तारतम्य में जिला जेल बालोद में भी योग का कार्यक्रम हुआ। इसमें बालोद के प्रसिद्ध योग शिक्षक रवि प्रकाश पांडेय ने योग के आसन बताए। उन्होंने बताया कि योग का हमारे जीवन में काफी महत्वपूर्ण स्थान है। योग न केवल हमारे तन को स्वस्थ रखता है बल्कि मन को भी स्वस्थ रखता है। योग से मन में सुविचार आते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को योग अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व योग के महत्व को समझ गया है और यही वजह है कि पूरे विश्व में 21 जून को योग दिवस मनाया जाता है। आज के दिन छोटे-बड़े हर लोग योग करते हैं। पांडेय ने आगे कहा कि योग सिर्फ एक दिन नहीं बल्कि हमें हर रोज करना चाहिए। इसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर लेना चाहिए। जेल में इस तरह के आयोजन को भी उन्होंने बहुत महत्वपूर्ण बताया। इसके लिए रवि प्रकाश पांडे ने जेल प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जेलर एसपी कुर्रे सहित जेल स्टाफ मौजूद रहे।
जिला जेल बालोद में रवि प्रकाश पांडेय ने कराया योग
