DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गर्मी में तांदुला रिसॉर्ट दे रहा लोगों को राहत, लोग वाटर पार्क व बोटिंग का ले रहे मजा,गर्मी छुट्टी में पहुंच रहे अनेक पर्यटक

बालोद। जिला मुख्यालय स्थित तांदुला रिसॉर्ट लोगों को गर्मी से राहत दे रहा है। यहां के वाटर पार्क में लोग समय बिता रहे हैं तो वहीं बोटिंग का आनंद भी पर्यटक ले रहे हैं। गर्मी बढ़ते ही यहां पर्यटकों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। बालोद जिले में तांदुला रिसॉर्ट पर्यटकों के लिए खासा पसंद बनते जा रहा है। खासतौर पर गर्मी के दिनों में गर्मी से बचने के लिए लोग यहां आना पसंद कर रहे हैं। वाटर पार्क का साफ और रंगीन पानी लोगों को बहुत भा रहा है। इसके अलावा लोग कई तरह की बोटिंग कर तांदुला डैम की लहरों का आनंद ले रहे हैं। यहां पर प्रतिदिन पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गर्मी छुट्टी बिताने के लिए लोग दूर-दूर से बालोद जिला पहुंच रहे हैं। पर्यटक सियादेवी में दर्शन करने के बाद तांदुला रिसॉर्ट में आकर घंटों समय बिता रहे हैं। यहां पर मखमली घास में लोग परिवार सहित बैठकर स्वच्छ वातावरण का आनंद ले रहे हैं। शाम होते ही यहां मेला जैसा नजारा हो जाता है। पार्क की रेत में बैठकर लोग नदी किनारे बैठे होने का एहसास करते हैं तो वही हरी हरी घास में बैठकर पार्क का आनंद लेते है। देखरेख कर रहे मैनेजर शमशेर बहादुर कांचा ने बताया कि यहां लगातार पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। इसी के अनुसार सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की जा रही है। गर्मी को देखते हुए जगह-जगह स्वच्छ पानी का नल लगाया गया है। स्वच्छता की ओर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रिसोर्ट में मिल रही कई सुविधाएं

तांदुला रिसोर्ट में पहुंचने के बाद लोगों को खाने-पीने की चीजे भी आसानी से मिल जा रही है। यहां पर लोगों को रेस्टोरेंट में भी मनपसंद खाना मिल जाता है। इसके अलावा कई जगहों पर नल भी लगे हैं जहां स्वच्छ पानी लोगों को जगह-जगह मिल जाता है। कई पर्यटक यहां आकर रात्रि विश्राम भी करते हैं उनके लिए यहां 90 कॉटेज बने हुए हैं। कॉटेज में रुकने वाले लोगों के लिए कॉटेज से लेकर रेस्टोरेंट या वाटर पार्क या बोटिंग क्षेत्र में जाने के लिए विशेष वाहन की सुविधा भी दी गई है।

स्वच्छता पर विशेष ध्यान

काफी बड़े क्षेत्र में तांदुला डैम जल भराव के ऊपर बने इस रिसोर्ट में स्वच्छता को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यहां आने वाले पर्यटकों से भी लगातार अपील की जाती है कि वे स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखें। पानी पाउच, डिस्पोजल या खाद्य पदार्थ की सामग्री के रैपर को इधर-उधर ना फेक निर्धारित जगहों पर डालें। इसके लिए जगह-जगह डस्टबिन भी रखे गए हैं। इसके अलावा स्वच्छता कर्मचारी यहां घूम-घूम कर पार्क में पड़े व्यर्थ पदार्थों को भी उठाते हैं।

बच्चों के मनोरंजन की ओर खासा ध्यान

तांदुला रिसॉर्ट में बच्चों के मनोरंजन की ओर खासा ध्यान दिया गया है, क्योंकि अक्सर परिवार अपने बच्चों की वजह से ही पार्क में आते हैं। यहां पर छोटे-छोटे बच्चों के लिए साइकिल, मोटर गाड़ी, रेलगाड़ी आदि की व्यवस्था रखी गई है। इसके अलावा वाटर पार्क में बच्चों के लिए सबसे ज्यादा मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराए गए हैं।

You cannot copy content of this page