पसौद में अंधड़ के बीच लगी अचानक आग, तीन ग्रामीणों के मकान, बाड़ी और कोठार आए चपेट में, गांव में मची अफरातफरी, सब कुछ जलकर हुआ खाक ,देखिए वीडियो…..



बालोद। गुण्डरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी चौकी के निकट बसे ग्राम पसौद में ग्रामीण तोरण साहू के मकान में शनिवार को करीब शाम 4 बजे अचानक आग लग गई। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। इसी बीच तेज आंधी तूफान भी चल रहा था। आग कैसे लगी इसका स्पष्ट खुलासा तो नहीं हो पाया है लेकिन आशंका है कि घर के चूल्हे में आग थी। जो अंधड़ के कारण भभक गई और देखते-देखते आग की लपटों ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास करते रहे। पर कुछ सामान नहीं बचा पाए। गनीमत घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। मकान मालिक तोरण साहू और उनकी पत्नी धान काटने के लिए खेत गए हुए थे। इस बीच उनकी पत्नी सुशीला बाई साहू करीब 4:15 बजे मवेशियों को बांधने के लिए घर आई तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। देखते-देखते आग की लपटों ने आसपास के मकानों और बाड़ी को भी चपेट में लेना शुरू कर दिया। इस घटना में तोरण साहू के मकान के अलावा उत्तम साहू के कोठार और लाल दास का बाड़ी भी चपेट में आ गया। आगजनी की इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मचा रहा। आग ऐसे मकान में लगी थी जहां से आसपास घिरे हुए दर्जनों मकान थे। अगर आग पर नहीं बुझा पाते तो और भी मकान चपेट में आ जाते। सबसे ज्यादा नुकसान तोरण साहू को हुआ है। उनका पूरा घर और घर में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। इस घटना में तीन गाड़ा धान, एक फ्रिज, कूलर, तीन पंखा, अलमारी, कपड़े, दीवान,सोफा, कुछ सोने चांदी के आभूषण, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ऋण पुस्तिका आदि सब आग की चपेट में आ गए। अनाज में गेहूं, चना, पांच कट्टा चावल भी कुछ नहीं बचा, सब जलकर खाक हो गया। ग्रामीण तोरण साहू को लाखों का नुकसान हो गया। इधर घटना की जानकारी मिलने पर हल्दी चौकी प्रभारी नंदकुमार साहू और उनकी टीम शाम 5 बजे से ही मौके पर पहुंच गई थी और व्यवस्था बनाने में लगी रही। दमकल( फायर ब्रिगेड) बुलवाकर आग को काबू पाने का प्रयास किया जा रहा था। लेकिन आंधी तूफान इतना था कि आग बुझाने के बजाय लपटे तेज हो रही थी और धीरे-धीरे चंद घंटे के भीतर पूरा मकान और सामान खाक हो गया तोरण साहू को पीएम आवास योजना का लाभ भी अभी नहीं मिला है। फिलहाल इस आगजनी से घर से बेघर हुए तोरण साहू और उनके परिवार ने अपने भाई के मकान में शरण ली है। आसपास के लोग भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते रहे। पर आग की लपटें इतनी ज्यादा फैल चुकी थी कि स्थिति काबू में नहीं आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण पोषण साहू ने बताया फायर ब्रिगेड भी घटना के लगभग ढाई घंटे बाद शाम 6:30 बजे मौके पर पहुंची और देर रात तक आग पर काबू पाया गया। आग को अगर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास स्थित बिरेंद्र साहू और बसंत साहू का मकान भी इसकी चपेट में आ जाता।

You cannot copy content of this page