DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पंचायती राज दिवस के बहाने पंचायत प्रतिनिधियों को करवाया गया लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक ही समय अवधि में कराने के विचार का समर्थन, संकल्प प्रस्ताव कराए गए पारित

बालोद। 24 अप्रैल को सभी जगह राष्ट्रीय पंचायत दिवस मनाया गया। इस दौरान विशेष ग्राम सभा का भी आयोजन हुआ। जिसमें ग्राम पंचायत से संकल्प पत्र भरवाया गया तो साथ ही शपथ भी दिलाई गई । एक राष्ट्र एक चुनाव यानी वन नेशन वन इलेक्शन के समर्थन में ग्राम सभा का संकल्प पारित करवाया गया। सभी पंचायत प्रतिनिधियों व मौजूद ग्रामीणों को संकल्प दिलाया गया कि वह राष्ट्र की प्रगति के लिए लोकसभा एवं विधानसभा के चुनाव को एक ही समय अवधि में करने की विचार का समर्थन करते हैं। विभिन्न पंचायत में लाइव कार्यक्रम से जुड़े पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम सभा के दौरान उक्त संकल्प पत्र को पढ़ते हुए शपथ लिया। जिसमें लिखा गया था कि हम भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में अटूट आस्था रखते हैं। हम मानते हैं कि लोकसभा एवं विधानसभा के चुनाव अलग-अलग समय अवधि में होने से न केवल समय संसाधन और धन की हानि होती है बल्कि विकास कार्य में भी बाधा उत्पन्न होती है। हम इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए संवाद, विचार विमर्श एवं सहभागिता को बढ़ावा देंगे। हम ग्राम पंचायत स्तर पर एक चुनाव एक राष्ट्र की दिशा में सकारात्मक वातावरण बनाएंगे। ताकि भारत का लोकतंत्र और अधिक प्रभावशाली और विकासउन्मुख हो। आज इस पंचायत राज दिवस के अवसर पर हम सभी ग्रामवासी राष्ट्र को प्रगतिशील बनाने के लिए लोकसभा एवं विधानसभा के चुनाव को एक ही समय अवधि में करने के विचार का समर्थन करते हैं। इस तरह संकल्प और शपथ लेते हुए तस्वीर और रिपोर्ट बनाकर 28 अप्रैल तक पंचायत संचालनालय रायपुर को भेजे जाने के निर्देश भी दिए गए हैं ।संकल्प प्रस्ताव के सत्यापित प्रति सरपंच , ग्राम सभा के अध्यक्ष एवं सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से प्रमाणित मांगा गया है। सभी जिले के जनपद पंचायत वार फाइल फोल्डर तैयार कर विशेष वाहक से सोमवार 28 अप्रैल तक उक्त संकल्प पत्र रायपुर भेजा जाना है।

जिले के 50 ग्राम पंचायतों में किया गया अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र का शुभारंभ

राज्य शासन के निर्देशानुसार आज बालोद जिले के सभी ग्राम पंचायतों में पंचायतीराज दिवस का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार राज्य के मधुबनी में आयोजित समारोह से वर्चुअली रूप से जुड़ कर आम जनता को संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि पंचायतीराज दिवस के अवसर पर जिले के प्रत्येक विकासखण्डों के 10-10 ग्राम पंचायत सहित कुल 50 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र का शुभारंभ किया गया।

क्या होंगे इस केंद्र के फायदे

इस अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र के माध्यम से ग्रामीणों को एक छत के नीचे सभी प्रकार के डिजिटल सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा ग्रामीणों को नगद आहरण की सुविधा मिलने लगेगी। ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र के प्रारंभ हो जाने से ग्रामीणों को नगद लेन-देन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे सेवाओं के लिए ब्लाॅक या जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नही पड़ेगी।

पड़कीभाट पंचायत के आयोजन में शामिल हुए अधिकारी

पंचायतीराज दिवस के अवसर पर जिले के बालोद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कार्यालय पड़कीभाट में आयोजित समारोह में जिला जिलापंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष तोमन साहू, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर एवं जिला पंचायत के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चन्द्रकांत कौशिक सहित जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, उपाध्यक्ष दिनेश सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू, जनपद पंचायत सदस्य निर्मला बंजारे, भगवती उइके, ममता गंगबेर के अलावा ग्राम पंचायत पड़कीभाट के सरपंच नुपेन्द्र कुमार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा पंचायत विभाग के उप संचालक आकाश सोनी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। समारोह में उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पंचायतीराज दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के वर्चुअली संबोधन को भी सुना।

क्या बोले सीएम साय?

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को ’मोर गांव, मोर पानी अभियान’ के तहत जल संरक्षण के कार्य में अपनी अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई। इस मौके पर ग्राम पंचायत परिसर पड़कीभाट में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष तोमन साहू एवं कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के द्वारा पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान ग्रामीण महिला प्रतिभा यादव, झामिनी कुरेशिया, शीला बाई खरे सहित अन्य ग्रामीणों ने अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र के माध्यम से लेन-देन की शुरुआत की।

जगन्नाथपुर पंचायत में भी लिया गया शपथ

इस अवसर पर बालोद जिले की ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर पंचायत में भी सरपंच, उप सरपंच सहित पंचों और ग्रामीणों ने एक राष्ट्र एक चुनाव के संकल्प के साथ शपथ लिया। इस अवसर पर सरपंच देव कुंवर कोसीमा, उपसरपंच मनोज सुकतेल सहित अन्य मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page