DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

ये कैसा है मजाक! नगरीय निकाय एवं पंचायत आम निर्वाचन मानदेय अब तक अप्राप्त, कलेक्टर के द्वारा शीघ्र भुगतान के आश्वासन के बाद भी अब तक भुगतान नहीं

बालोद। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने जिले के सभी विकास खंडों में नगरीय निकाय एवं पंचायत आम निर्वाचन 2024/25 में ड्यूटी कर चुके अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानदेय शीघ्र भुगतान की मांग की है। नगरीय निकाय निर्वाचन को संपन्न हुए दो माह व पंचायत निर्वाचन को संपन्न हुए लगभग डेढ़ माह उपरांत भी अब तक मानदेय भुगतान नही हुआ है। तत्संबंध में भुगतान के लिए टीचर्स एसोसिएशन द्वारा 20 मार्च को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से मिलकर चर्चा कर ज्ञापन सौंपा गया था। जिसमें उनके द्वारा संबंधित अधिकारी को जल्द भुगतान का निर्देश देते हुए संगठन को शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया गया था परंतु आश्वासन के लगभग एक माह बाद भी भुगतान नही किया गया है। विदित हो कि निर्वाचन आयोग के द्वारा तय कार्यक्रम अनुसार जिले में विभिन्न नगरीय निकायों में 11 फरवरी व पंचायत आम निर्वाचन तीन चरणों में 17 फरवरी को डौंडी व डौंडी लोहारा, 20 फरवरी को बालोद व 23 फरवरी को गुरूर तथा गुंडरदेही विकास खंड में संपन्न किया जा चुका है।जिसमें निर्वाचन में मतदान दलों के साथ साथ अन्य निर्वाचन कार्यों के लिए शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इस बार निर्वाचन में महिला कर्मचारियों की ड्यूटी भी दलों में व मतगणना आदि कार्यों में लगाया गया था। नगरीय निकाय निर्वाचन में मतदान दल में ड्यूटी के साथ मतगणना आदि कार्यों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। जिले के कई कर्मचारियों को नगरीय निकाय के साथ साथ पंचायत निर्वाचन में अलग अलग चरणों में भी 2-3 ड्यूटी करना पड़ा था। अब निर्वाचन उपरांत निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण होकर कार्यभार ग्रहण किए डेढ़- दो माह हो चुका है। परंतु आज पर्यंत मानदेय अप्राप्त है। वहीं कुछ कुछ जगहों पर निर्वाचन के समय ही कर्मचारियों को नगद भुगतान व कुछ जगह निर्वाचन पश्चात आनलाईन भुगतान भी कर दिए जाने की जानकारी है।टीचर्स एसोसिएशन की ओर से जिलाध्यक्ष दिलीप साहू, प्रदेश संगठन सचिव बीरबल देशमुख, जिला संयोजक रामकिशोर खरांशु, कामता प्रसाद साहू , जिला उपाध्यक्ष शिव कुमार शांडिल्य , वीरेन्द्र देवांगन, पवन कुमार जोशी, कांतिलाल चंदेल, नीलेश देशमुख, जिला सचिव नरेन्द्र कुमार साहू , जिला कोषाध्यक्ष पवन कुमार कुम्भकार, जिला आई टी सेल प्रभारी हरीश कुमार साहू,शिवेंद्र बहादुर साहू, महेंद्र टांडिया,रघुनंदन गंगबोईर, जिला महामंत्री लेखराम साहू, शेषलाल साहू, राजेश चंद्राकर, संजय ठाकुर , रवींद्र नाथ योगी सहित सभी पदाधिकारियों ने जिले के अधिकारियों से शीघ्र मानदेय भुगतान की मांग की है।

You cannot copy content of this page