पंचायत चुनाव के परिणाम आ रहें हैं दिलचस्प, कहीं युवा मार रहे पहली बार में ही बाजी, तो कई जगह दिग्गजों की हो रही करारी हार



बालोद। विभिन्न चरणों में हो रहे जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत सरपंच, जनपद और जिला पंचायत के चुनाव परिणाम चौंकाने वाले आ रहे हैं। कहीं युवा प्रत्याशी जो पहली बार मैदान में उतरे थे वह भी बाजी मार रहे हैं । तो कहीं दिग्गजों को करारी हार का सामना करना पड़ा है। सरपंच चुनाव में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला है ।जहां बालोद ब्लाक के ग्राम कोहंगाटोला की बात करें तो यहां बीएससी कॉलेज की छात्रा देविका ठाकुर ने चुनाव में पहली बार अपना भाग्य आजमाते हुए एक महिला सरस्वती बाई को 246 वोटो के अंतर से हराकर सरपंच बनने में कामयाब हो गई। देविका गांव की बेटी है और कुछ साल पहले ही कॉलेज करके गांव में ही रहती है।

अभी उसकी शादी भी नहीं हुई है और उन्होंने गांव के विकास की सोच के साथ चुनाव मैदान में कदम रखा और पहले प्रयास में ही उन्होंने बड़ी जीत हासिल कर ली। जिससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। कुमारी देविका ठाकुर को कुल 825 वोट मिले हैं तो वहीं प्रतिद्वंद्वी सरस्वती बाई को 579 वोट मिले। 25 साल की देविका ठाकुर के सरपंच बनने से गांव के युवा में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। तो वही शिक्षित सरपंच पाकर गांव के बड़े बुजुर्ग भी गांव के एक नई विकास की परिकल्पना कर रहे हैं।

भाजपा, कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को हराकर निर्दलीय युवा लोकेश डड़सेना बन गए जनपद सदस्य

इसी तरह करहीभदर में युवा प्रत्याशी लोकेश डड़सेना जनपद सदस्य चुनाव जीतने में सफल हुए हैं। उन्होंने भाजपा, कांग्रेस से अधिक प्रत्याशियों सहित अन्य निर्दलियों को भी हराते हुए एक बड़ी जीत दर्ज की है। लगभग 250 वोट से लीड करते हुए उन्होंने 7 प्रत्याशियों के बीच तराजू छाप पर जीत दर्ज कर अपना पलड़ा भारी साबित किया है। वे गांव के सरपंच लीला राम डड़सेना के पुत्र हैं। अपने सरपंच पिता से ही समाज सेवा की प्रेरणा लेते हुए उन्होंने जन सेवा के लिए निर्दलीय जनपद से चुनाव लड़ने का फैसला लिया था। जिसमें वे सफल हुए। जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11 के लिए उन्होंने चुनाव लड़ा मुजगहन, हथौद सहित अन्य गांव के लोगों ने उन्हें भरपूर जन समर्थन दिया। समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी रहने वाले लोकेश युवाओं सहित बड़े बुजुर्गों के भी चहेते हैं। हाल ही में करहीभदर के पास एक सड़क हादसे में भी उन्होंने घायलों को समय पर अपने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाकर जान बचाकर एक अच्छे नागरिक होने का कर्तव्य भी अदा किया था।

जगन्नाथपुर में सामूहिक रूप से निकला विजय जुलूस, विजयी जनप्रतिनिधियों की हुई जगह-जगह आरती और स्वागत अभिनंदन

इसी तरह ग्राम जगन्नाथपुर की बेटी पूजा वैभव साहू के सबसे कम उम्र की जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीत कर आई है, वह भी लगभग 12000 के वोटो के अंतर से, उन्होंने गांव के सरपंच देव कुंवर कोशिमा सहित सभी विजयी पंचों के साथ सामूहिक रूप से जगन्नाथपुर में विजय जुलूस निकाला। इस दौरान विभिन्न वार्डों में जब वह पहुंची तो लोगों ने उत्साह पूर्वक उनका तिलक आरती सजाकर स्वागत अभिनंदन किया। इस दौरान डीजे की धुन पर विजयी जनप्रतिनिधि सहित मतदाता और उनके समर्थक भी जमकर थिरके।

You cannot copy content of this page