DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न: तेज गति एवं बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने वालों के विरूद्ध की जाएगी सख्त कार्रवाई

चिह्नित स्थानों पर लगाए जाएंगे स्पीड गन, गुड सेमेरिटन को
किया जाएगा 5000 रुपए देकर पुरस्कृत

बालोद। कलेक्टर एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इसके अलावा तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक तथा बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना के दौरान घायल एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को तत्काल मदद पहुँचाने वाले गुड सेमेरिटन को 05 हजार रुपये की राशि प्रदान कर उन्हें पुरस्कृत करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री एसआर भगत, अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी श्री अशोक जोशी एवं श्रीमती मोनिका ठाकुर सहित एसडीएम बालोद श्री सुरेश साहू, एसडीओपी बालोद श्री देवांश राठौर के अलावा कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला परिवहन अधिकारी तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में सभी अधिकारियों ने कहा कि तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक तथा नशापान कर वाहन चलाना सड़क दुर्घटना का मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा दुपहिया वाहन में सवार करने वाले यदि अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग शुरू कर दे तो काफी हद तक उनका सुरक्षा सुनिश्चित हो सकता है। इसलिए सड़क दुर्घटना में कमी लाने हेतु इसका पुख्ता उपाय सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में अधिकारियों ने सर्व सम्मिति से जिले में गुजरने वाली वाहनों की गति पर नियंत्रित करने तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने हेतु चिह्नित स्थानों पर स्पीड गन भी लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की योजना भी बनाई गई। इसके अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों के रिहायशी ईलाकों में तीन दिनों तक मुनादी कराकर इसका समुचित प्रचार-प्रसार करने के उपरांत चैथे दिन से बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा जिले के पेट्रोल पंपों में हेलमेट पहनकर पेट्रोल खरीदने हेतु आने वाले वाहन चालकों को भी प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने अधिकारियों को पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक भी आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्री चन्द्रवाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्धारित स्थानों पर आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाईट, संकेतक बोर्ड, ट्रफिक सिग्नल लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने आम नागरिकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के उपायों की जानकारी प्रदान करने हेतु नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को ओव्हर लोडिंग पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। श्री चन्द्रवाल ने स्कूल बस एवं अन्य वाहनों का भी नियमित रूप से जाँच करने, शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने जिले में सड़क दुर्घटना के मृत्यु दर में कमी लाने के उपायों पर भी विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा के उपाय के संबंध में की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी देने के लिए प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उप पुलिस अधीक्षक रैंक के एक अधिकारी की अनिवार्य रूप से उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।

You cannot copy content of this page