बालोद । बालोद सहित पूरे छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग अपने कर्मचारियों को वेतन नहीं दे पा रहा। कारण शासन से बजट ना होना बताया जा रहा है इसका ताजा मामला बालोद से उठा है। जहां स्वास्थ्य एवं बहुद्देशीय कर्मचारी संघ ने सीएमएचओ के नाम से ज्ञापन देकर शासन से जल्द से जल्द वेतन दिलवाने सहित अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन दिया है। इस ज्ञापन के अनुसार स्वास्थ्य एवं बहुद्देशीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष घनश्याम पुरी ने कहा है कि गुण्डरदेही विकासखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत अंशकालीन सफाई कर्मचारियों को पिछले 9 माह से वेतन नहीं मिला है। इस कारण अंशकालीन कर्मचारी को आर्थिक और मानसिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवारों के पालन पोषण में परेशानी हो रही है। क्योंकि सामने दीपावली का त्यौहार है। अगर दिवाली जैसे त्यौहार में कर्मचारियों को वेतन आहरण नहीं किया गया तो उनके घर में दीया जलाना तो मुश्किल त्यौहार मनाना भी दूर की बात होगी। इसलिए संघ ने मांग की है कि अंशकालीन सफाई कर्मचारियों को तत्काल 9 माह का वेतन दिया जाए। शासन से ही इनका वेतन अब तक अब प्राप्त नहीं हुआ है। वही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदोन्नति की प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ करने की मांग भी की गई। दूसरे ज्ञापन के तहत कहा गया है कि चतुर्थ श्रेणी वर्तमान में पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ नहीं होने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। जिले में बहुत सारे पदोन्नति पद रिक्त हैं । उक्त निर्धारित पद ( ड्रेसर ग्रेड 1, ड्रेसर ग्रेड 2, वाहन चालक, सहायक ग्रेड 3)को पदोन्नति से पदस्थापना किया जाना है। संघ के द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर महेश सूर्यवंशी से मिलकर उक्त दोनों मुद्दों पर ज्ञापन दिया गया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष रोशन प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
यह कैसी व्यवस्था ? स्वास्थ्य विभाग के अंशकालीन सफाई कर्मचारियों को 9 माह से नहीं मिला वेतन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया भी अटकी
