वनांचल के 18 ग्राम पंचायतों के लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, मौके पर हुए कई महत्वपूर्ण कार्य

बालोद/डौण्डीलोहारा/नेमन साहू रेंगाडबरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत डौण्डीलोहारा विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम रेंगाडबरी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर ग्रामीणों और हितग्राहियों के लिए सौगातों से भरा रहा, जहां विभिन्न विभागों द्वारा लोगों की समस्याएं सुनी गईं और अनेक योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रेंगाडबरी में आयोजित शिविर में डौण्डीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, जनपद अध्यक्ष कांति सोनबरसा, जनपद उपाध्यक्ष देवलाल मालेकर, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य देवेन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य राजाराम तारम सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

शिविर में ग्रामीणों को डिजिटल किसान किताब, प्रधानमंत्री आवास योजना पूर्णता प्रमाण पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नया राशन कार्ड, मत्स्य पालन योजना के तहत जाल एवं आइस बॉक्स सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।
दिव्यांगजनों के लिए विशेष मेडिकल बोर्ड भी लगाया गया, जहां मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। वहीं छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म संपन्न कर उन्हें सुपोषण किट प्रदान की गई।
410 आवेदन पहुंचे, कई समस्याओं का हुआ समाधान
शिविर में बिजली, आवास, राशन कार्ड, भूमि पट्टा, वृद्धा पेंशन, आयुष्मान कार्ड, स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े कुल 410 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन ने कई मामलों का मौके पर निराकरण किया, जबकि शेष आवेदनों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के लिए तहसील और कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब गांव में ही अधिकारी पहुंचकर आवेदन ले रहे हैं, जिससे काफी सुविधा मिली है।
महिला समूहों और बच्चों ने बढ़ाई कार्यक्रम की रौनक

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क जांच एवं दवा वितरण किया गया। महिला स्व-सहायता समूहों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई, जबकि स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण हुए शामिल
शिविर में रेंगाडबरी, चिलमगोटा, भीमपुरी, खैरकट्टा, जुन्नापानी, भीमाटोला, मंगचुवा, तुरमुड़ा, करकुटोला, कुदारी, दल्ली, बंजारी, अरजपुरी, तुमड़ीकसा, मडियाकट्टा, पिंगाल, खोलझर, बगईकोन्हा, भंवरमरा एवं आसपास के ग्रामों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जनप्रतिनिधियों ने बताया जनहित का अभियान

विधायक अनिला भेड़िया ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी कम करना है तथा प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करना है।
जनपद अध्यक्ष कांति सोनबरसा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण है। वहीं पूर्व सदस्य देवेन्द्र जायसवाल ने इसे सरकार की महत्वाकांक्षी पहल बताते हुए इसकी सराहना की।
ग्रामीणों की भारी भागीदारी और विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरण के साथ रेंगाडबरी का सुशासन तिहार शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशासन ने सभी प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण का भरोसा दिलाया है।

