DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

झूठी शिकायत के विरोध में ग्रामीणों ने जनदर्शन में सौंपा ज्ञापन, प्रधान पाठक राजेश कुमार यादव के समर्थन में उतरे ग्रामवासी

निर्माण कार्य में अनियमितता का विरोध करने पर झूठे आरोप लगाने का आरोप, एकपक्षीय जांच पर भी उठाए सवाल

बालोद। विकासखंड डौंडीलोहारा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला चिल्हाटीकला, संकुल केंद्र बड़गांव में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामवासियों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने जनदर्शन में शिकायत प्रस्तुत कर आरोप लगाया है कि प्रधान पाठक राजेश कुमार यादव को झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसमें निर्माण कार्य कर रहे सतीश कुमार साहू द्वारा अनियमितता एवं लापरवाही बरती जा रही थी। निर्माण एजेंसी एवं प्रधान पाठक राजेश कुमार यादव द्वारा कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की बात कहने पर सतीश साहू नाराज हो गया और कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने लगा। ग्रामीणों का आरोप है कि समिति की बैठक के दौरान भी उसने गाली-गलौज की तथा निर्माण संबंधी बिल-वाउचर फाड़ने का प्रयास किया।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सतीश कुमार साहू के विरुद्ध पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं तथा गांव एवं समाज के नियमों के विपरीत आचरण के कारण उसे सामाजिक रूप से पृथक किया गया है। इसके बावजूद उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर प्रधान पाठक राजेश कुमार यादव के खिलाफ जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई।

ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जांच में भी गंभीर लापरवाही बरती गई। जांच अधिकारी ने केवल शिकायतकर्ताओं को बुलाकर उनके कथनों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की, जबकि शाला प्रबंधन समिति एवं प्रधान पाठक को जांच की सूचना तक नहीं दी गई।

ग्रामवासियों और शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रधान पाठक राजेश कुमार यादव के कार्यों से वे संतुष्ट हैं। उनके कार्यकाल में विद्यालय में कई विकास कार्य हुए हैं और शिक्षा व्यवस्था में भी सुधार आया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि झूठी शिकायत के आधार पर एकपक्षीय कार्रवाई की गई तो वे विद्यालय में तालाबंदी करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में प्रधान पाठक के समर्थन में ग्राम सरपंच हुमलेश्वरी, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष चंचल साहू, उपाध्यक्ष राजेश्वरी, सदस्य भूषण लाल, कुलेश्वर, गोमती, दिनेश कुमार, जितेंद्र, हेमंत, भारत लाल, रामस्वरूप पटेल, गुमान सिंह पटेल, रोशनी साहू, सरिता साहू, सरिता बाई, तोप सिंह साहू, देवेंद्र साहू, संतराम, कोसमा, रूपेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर शामिल हैं।

You cannot copy content of this page