DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सब्जी मंडी के शौचालय में चाकू की नोक पर 25 हजार की लूट, बालोद पुलिस ने चंद घंटों में दबोचे आरोपी

नाबालिग सहित दो आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई रकम में से 11,370 रुपये और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद

बालोद। बालोद शहर की सब्जी मंडी में दिनदहाड़े चाकू की नोक पर 25 हजार रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 11,370 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया है।

शौचालय में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार ग्राम रेंगनी निवासी डोमेश्वर पटेल 30 मई को सुबह करीब 9:30 बजे सब्जी खरीदने के लिए 25 हजार रुपये लेकर बुधवारी बाजार स्थित सब्जी मंडी पहुंचे थे। इसी दौरान वे मंडी के पीछे स्थित शौचालय में गए। आरोप है कि उनके पीछे-पीछे दो युवक भी बाथरूम में घुस गए और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया।

इसके बाद आरोपियों ने पेट में चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी, गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जेब में रखे 25 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

विशेष टीम ने किया खुलासा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली।

नशे और उधारी चुकाने के लिए बनाई थी लूट की योजना

पूछताछ में मुख्य आरोपी सोमेश ध्रुवे उर्फ दाऊ ने बताया कि उसने सेकेंड हैंड मोबाइल की उधारी चुकाने, शराब पीने, गांजा और नशीली गोलियां खरीदने के लिए अपने साथी कमल ठाकुर और एक नाबालिग के साथ लूट की योजना बनाई थी।

आरोपियों ने मंडी में प्रार्थी के पास अधिक रकम देखी और मौका मिलते ही शौचालय के अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दे दिया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

  • सोमेश ध्रुवे उर्फ दाऊ (27 वर्ष), निवासी पाण्डेपारा, बालोद
  • कमल ठाकुर (26 वर्ष), निवासी पाण्डेपारा, बालोद
  • एक अपचारी बालक

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

पूरे प्रकरण के खुलासे में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, उप निरीक्षक सूरज साहू, साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात का जल्द खुलासा होने पर आम लोगों ने राहत की सांस ली है।

You cannot copy content of this page