DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों पर चला ओबीसी महासभा का मंथन, जून में ज्ञापन सौंपने की बनी रणनीति

गूगल मीट पर आयोजित प्रदेश स्तरीय विचार गोष्ठी में आरक्षण, जातिगत जनगणना और ओबीसी अधिकारों के मुद्दों पर हुई चर्चा

रायपुर/बालोद/डौंडीलोहारा। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई द्वारा गूगल मीट के माध्यम से एक प्रदेश स्तरीय विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ऑनलाइन जुड़े और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके आदर्शों तथा ओबीसी समाज के वर्तमान संघर्षों पर विचार साझा किए।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम ने किया। गोष्ठी का शुभारंभ “जय जवान, जय किसान, जय ओबीसी, जय संविधान” के नारों के साथ परिचय सत्र से हुआ। चर्चा का मुख्य विषय “लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श और ओबीसी समाज का वर्तमान संघर्ष” रहा।

वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और सुशासन की प्रतीक थीं। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और ओबीसी समाज संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए उनके मार्ग पर चलते हुए संघर्षरत है।

जून में जिला मुख्यालयों पर सौंपा जाएगा ज्ञापन

विचार गोष्ठी में आगामी आंदोलन की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि जून माह के प्रथम अथवा द्वितीय सप्ताह में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

ज्ञापन में जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण, जातिगत जनगणना, छत्तीसगढ़ में लंबित 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण, मंडल आयोग की अनुशंसाओं को लागू करने, ओबीसी विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, बैकलॉग नियुक्तियां, महिला आरक्षण, यूजीसी विनियम 2026 को यथावत लागू करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में आयु सीमा एवं शुल्क में छूट जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहेंगी।

तकनीक के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचेगा संगठन

बालोद ब्लॉक अध्यक्ष पवन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि लोकमाता का जीवन यह संदेश देता है कि शासन सेवा का माध्यम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन तकनीक के माध्यम से गांव-गांव तक अपने विचार पहुंचाएगा और आगामी ज्ञापन अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करेगा।

प्रदेशभर के पदाधिकारियों ने रखे विचार

गोष्ठी में प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम, प्रदेश कोषाध्यक्ष महावीर कलिहारी, प्रदेश सचिव आनंद साहू, रायपुर संभाग अध्यक्ष हेमंत साहू, बस्तर संभाग उपाध्यक्ष तुलसीराम ठाकुर, कांकेर जिला अध्यक्ष कोमल नेवला, जीपीएम जिला अध्यक्ष अशोक कश्यप, बालोद जिला अध्यक्ष कर्मचारी मोर्चा भागवत राम इंदौरिया, कोरिया जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा रामनारायण साहू, कोरिया जिला सचिव शिवप्रसाद राजवाड़े, जशपुर जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार साहू, बस्तर जिला मीडिया प्रभारी मनोज ठाकुर, बालोद ब्लॉक अध्यक्ष पवन साहू, आरंग विधानसभा अध्यक्ष नंदकुमार साहू सहित प्रदेश और अन्य राज्यों के अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने राज्य सरकार से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर विश्वविद्यालय अथवा महाविद्यालय स्थापित करने तथा उनके जीवन चरित्र को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग भी की।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ओबीसी समाज की एकता, अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। अंत में रायपुर संभाग अध्यक्ष हेमंत साहू ने आभार व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page