DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर रायपुर स्थित श्री गणेश विनायक आई हॉस्पिटल में “मार्तण्ड गौरव सम्मान एवं पत्रकार संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, महिलाओं के स्वास्थ्य, विलुप्त होती वन औषधियों, आजीविका, छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति तथा सामाजिक विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।

इस अवसर पर आदित्य कुमार को हिंदी पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “मार्तण्ड गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि आदित्य कुमार को राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे (आयुष मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा गांधी फिलॉसफी की उपाधि प्रदान की जा चुकी है। बैंकिंग क्षेत्र में कार्यरत रहते हुए उन्होंने 1000 से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कार्यक्रम का मुख्य विषय “पत्रकारिता और मानसिक स्वास्थ्य” रहा। आयोजित विशेष व्याख्यान एवं विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल युग में 24×7 न्यूज़ कल्चर, ब्रेकिंग न्यूज़ की प्रतिस्पर्धा, सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव और लगातार बढ़ते कार्य-दबाव ने पत्रकारों के मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर विषय बना दिया है।

पॉजिटिव हेल्थ ज़ोन के डॉ. अनिल गुप्ता ने आधुनिक चिकित्सा विज्ञान और वैदिक विज्ञान के समन्वय की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य में लाइफ फोर्स एनर्जी की भूमिका को विस्तार से समझाया। उन्होंने जागरूकता के लिए कई व्यावहारिक प्रयोगों का प्रदर्शन भी किया, जिन्हें उपस्थित पत्रकारों ने रुचिपूर्वक देखा।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों एवं मनोविज्ञान के जानकारों ने पत्रकारों के सामने आने वाले तनाव, भावनात्मक दबाव, कार्य-जीवन संतुलन और मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। साथ ही पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और बदलते मीडिया परिदृश्य पर भी सार्थक चर्चा हुई।

यह आयोजन इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (आईएनओ) एवं पॉजिटिव हेल्थ ज़ोन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक चिंतक डॉ. नरेन्द्र पाण्डेय ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, “जिस प्रकार समाज हित में सूचना का अधिकार आवश्यक है, उसी प्रकार पत्रकारों के लिए मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। स्वस्थ मन और संतुलित सोच ही निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता की आधारशिला है।”

कार्यक्रम के दौरान पत्रकार संवाद, अनुभव साझाकरण तथा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं मीडिया जगत से जुड़े लोगों ने सहभागिता की। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ पत्रकार ही समाज को स्वस्थ, संतुलित और विश्वसनीय सूचना उपलब्ध करा सकता है।

अंत में डॉ. सी.एल. सोनवानी (अध्यक्ष, आईएनओ) एवं डॉ. नरेन्द्र पाण्डेय ने कार्यक्रम में शामिल सभी पत्रकारों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने का यह अवसर पत्रकारिता के इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर गंभीर चिंतन का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

You cannot copy content of this page