DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

18 हजार से अधिक NHM कर्मचारी जुटेंगे रायपुर में, 13 जून को होगा प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में होगा आयोजन, स्वास्थ्य मंत्री समेत कैबिनेट मंत्रियों को भेजा गया आमंत्रण

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस महासम्मेलन में प्रदेशभर के 18 हजार से अधिक NHM कर्मचारी एवं अधिकारी अपने परिवार सहित शामिल होंगे।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित विभिन्न कैबिनेट मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

प्रदेशभर के स्वास्थ्यकर्मी होंगे शामिल

महासम्मेलन में उपस्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, मंत्रालय तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत NHM कर्मचारी एवं अधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में तैयारियां जोरों पर हैं।

एकजुटता और योगदान का होगा प्रदर्शन

संघ के अनुसार यह महासम्मेलन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों की एकजुटता, समर्पण और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके महत्वपूर्ण योगदान को प्रदर्शित करने का बड़ा मंच बनेगा। प्रदेशभर के कर्मचारियों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है।

मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया आमंत्रण

संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें महासम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया, जिससे कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

ये रहे प्रतिनिधिमंडल में शामिल

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी, डॉ. रविशंकर दीक्षित, संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास, डॉ. आलोक शर्मा एवं डॉ. तृप्ति तिवारी उपस्थित रहे।

महासम्मेलन को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन माना जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में सहभागिता होने की संभावना है।

You cannot copy content of this page