DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

12 साल बेमिसाल: बालोद भाजपा ने बनाई जनसंपर्क अभियान की रणनीति

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 23 जून तक होंगे विविध कार्यक्रम, जिला कार्यशाला में तय हुई रूपरेखा

बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद द्वारा मंगलवार को जुंगेरा स्थित भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “बढ़ता भारत, बदलता भारत” एवं “12 साल बेमिसाल — विश्वास, विकास और जनकल्याण के” रहा।

भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश एवं जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख के आह्वान पर आयोजित इस कार्यशाला में आगामी 5 जून से 23 जून 2026 तक जिलेभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

वरिष्ठ नेताओं ने रखे विचार

कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी संध्या परगनिहा, छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, बिलासपुर संभाग सह-प्रभारी अभिषेक शुक्ला, जिला महामंत्री राकेश “छोटू” यादव एवं सौरभ लुनिया सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिला कोर कमेटी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चा पदाधिकारी, प्रकोष्ठ संयोजक, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

23 दिनों तक चलेंगे विशेष अभियान

भाजपा द्वारा 5 जून से 23 जून तक जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मीडिया संवाद, विशेष जनसंपर्क अभियान, सभागार बैठकें, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं, विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, स्वच्छता अभियान तथा प्रगति पथ यात्रा जैसे आयोजन शामिल हैं।

राजनीतिक एवं नक्सल उन्मूलन प्रस्ताव पारित

कार्यशाला के दौरान राजनीतिक प्रस्ताव का वाचन जिला मंत्री पूजा यादव द्वारा किया गया, जिसका उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने समर्थन किया। वहीं नक्सल उन्मूलन विषयक प्रस्ताव जिला उपाध्यक्ष पवन सोनबरसा द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसकी भी सभी ने सराहना की।

संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश “छोटू” यादव ने किया। इस अवसर पर जिला टोली सदस्य हरिश कटझरे, कौशल साहू, टिनेश्वर बघेल एवं मनीष झा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि एनडीए सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान जिलेभर में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

You cannot copy content of this page